मंगलवार, 23 जनवरी 2018

अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण बनाएं: अजय सिंह

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए सामाजिक संस्थाएं और जिम्मेदार लोग मिलकर प्रयास करें. सिंह ने अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए गठित अर्पणम् फाउंडेशन के कार्यक्रम में बोल रहे थे. इस मौके पर अंगदान करने वाले स्व. ए.पी. श्रीवास्तव, स्व. कुमारी श्रद्धा रघुवंशी, स्व. अजय शिरके, स्व. शषांक कोरान्ने, स्व. विष्णु कुंभकार, स्व. अमित भार्गव एवं स्व. अशोक पाटिल  के परिजनों को भी सम्मानित किया गया तथा उनके परिवार को हेल्थ इंसोरेंस पालिसी देने की घोषणा की. इस अवसर पर म.प्र. क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष अजय सिंह विछोदिया ने अपने सभी सामाजिक बंधुओं के अंगदान की घोषणा की.नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि अंगदान एक ऐसा दान है जो लोगों को एक नया जीवन देता है. हमारे विज्ञान और मानव जाति की प्रतिभाओं ने मनुष्य को जन्म देने के बाद उन्हें जीवन देने की तकनीक विकसित कर एक बहुत ही पुण्य का काम किया. सिंह ने कहा कि अब हमारी जवाबदारी है कि हम सभी लोग मिलकर समाज में ऐसा वातावरण बनाएं कि लोग स्वत: प्रेरित हों और ब्रेन डेड व्यक्ति के आर्गन जरूरतमंद को देकर उन्हें एक नया जीवन दें.
सिंह ने अर्पणम फाउंडेशन के पे्ररणास्त्रोत शिवशरण दास अग्रवाल ‘दास बाबू’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव लोगों की मदद की. संस्था का गठन कर उनके पुत्र सुरेंद्र अग्रवाल और अनिल अग्रवाल ने अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि दी है. गुफा मंदिर के महंत चंद्रमादास त्यागी ने कहा कि अंगदान जैसे महादान के अभियान का आज गति देने की आवश्यकता है. इसके सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक स्तर पर प्रयास का पूरे समाज को इसके लिए प्रेरित करने का काम करना चाहिए. उन्होंने संस्था की उत्तरोत्तर प्रगति का आशीर्वाद दिया.डॉ सुबोध वार्ष्णेय ने बताया कि देश में एक्सीडेंट में लगभग डेढ़ लाख लोग ब्रेन डेड होते हैं लेकिन इनमें से मात्र 600 लोगों के ही अंगदान हो पाते हैं. भोपाल में यह संख्या मात्र 6 से 7 है. उन्होंने कहा लोग अंगदान के लिए प्रेरित हों इसके लिए बहुत प्रयास करना है. रेलवे के डीसीएम नवदीप प्रकाश अग्रवाल ने दासबाबू की कार्यशैली एव उदारता की सराहना की .

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें