बुधवार, 24 जनवरी 2018

किसान, बेरोजगारी, महिला अपराध को मुद्दा बनाएगी युवा कांग्रेस

ब्लाक स्तर तक आंदोलन करने की बनाई रणनीति
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार ने कहा कि प्रदेश में युवा कांग्रेस किसान, बेरोजगारी और महिला अपराधों को लेकर आंदोलन की तैयारी कर चुकी है. ब्लाक स्तर तक युवा कांग्रेस द्वारा इन मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जाएगाबरार आज राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता संवाद में शामिल होने पहुंचे थे. पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में इस तरह के संवाद किए जाएंगे. किसानों, बेरोजगारी के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ब्लाक स्तर से प्रदेश स्तर तक आंदोलन किए जाएंगे. प्रदेश में किसान परेशान है. बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. साथ ही महिलाओं पर हो रहे अपराध भी रुक नहीं रहे हैं. उन्होंने कहा कि आम आदमी में मोदी सरकार के प्रति अविश्वास है. गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी ताकत झोंक दी थी, इसके बाद जो परिणाम आए वह सबके सामने हैं. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का ग्राफ अब गिरने लगा है. आने वाले चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराज किसानों के दुश्मन है. मंदसौर किसानों पर उनकी सरकार ने गोली चलाई. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में किसान परेशान है, मगर सरकार उसकी सुन नहीं रही. बरार ने कहा कि आगामी चुनावों में 50 प्रतिशत युवाओं को टिकट दिया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जब तक संगठन चुनाव पूरे नहीं हो जाते तक तक मध्यप्रदेश में कुणाल चौधरी ही अध्यक्ष बने रहेंगे. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के युवाओं में बहुत ऊर्जा है. अब युवाओं को इस वर्ष होने वाले चुनाव के लिए अपनी ऊर्जा लगानी होगी.
गौशालाओं पर जारी करे श्वेतपत्र

कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार जो भी कदम उठा रही है, वे कदम किसानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और व्यापारियों को फायदा दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा करे या फिर कुर्सी खाली करे. पटवारी ने कहा कि बीते माह प्रदेश में करीब 5 सौ गौ हत्याएं हुई, मगर सरकार इसे लेकर गंभीर नजर नहीं आई. उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौशालाओं और आर्थिक स्थिति पर सरकार को श्वेतपत्र जारी करना चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें