रविवार, 18 फ़रवरी 2018

अतिथि आए हैं तो स्वागत करो, 24 को बिस्तर बांध रवाना करो

ज्योतिरादित्य सिंधिया 

 चुनावी सभा में सिंधिया ने कहा चुनाव दो माह चला तो मंत्रालय भी मुंगावली में होगा

मध्यप्रदेश में उपचुनाव को लेकर प्रचार अब चरम पर है. शिकवे शिकायतों के बाद अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है. इस बीच आज एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुंगावली इन दिनों मध्यप्रदेश की राजधानी बन गया है, अगर चुनाव दो माह और चला तो वल्लभ भवन, मंत्रालय भी यही होगा. उन्होंने कहा कि इन दिनों यहां पर कई अतिथि आए हैं, उनका स्वागत करो, मगर 24 तारीख को उन्हें बिस्तर बांधकर रवाना कर दो.
सिंधिया ने ये बात आज मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ओडेर बहादरपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पर कई बार कटाक्ष भी किए. सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री आज ऐसे-ऐसे गांव जा रहे हैं, जहां पर उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में कभी पैर भी नहीं रखा. पूरे विधानसभा क्षेत्र में ऐसे-ऐसे पंक्षी आए हैं, जहां कोई एक डाल पर बैठा है तो कोई दूसरी डाल पर.उन्होंने कहा कि इन दिनों पूरे विधानसभा क्षेत्र में अतिथि आए हैं, इन अतिथियों का स्वागत करो, लेकिन 24 फरवरी को इन्हें बिस्तर बांधकर विदा कर दो. सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वे यह कह रहे हैं कि मैं सड़क दूंगा, कालेज दे दूंगा, अगर तुम उनसे कहो की चंदा मामा दे, दो तो वे यह भी कह देंगे कि मैं ला दूंगा, मगर वे लाएंगे नहीं. केवल चुनाव तक वे तुम्हारे बीच हैं, तुम्हे आश्वासन दे रहे हैं, इसके बाद वे भूल जाएंगे कि यह क्षेत्र भी कहीं है.उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से आज तक जितने भी वादे किए एक भी पूरा नहीं किया. मंदसौर में घटित घटना को सभी ने देखा. अब समय आ गया है, इस सरकार को करंट लगाकर बाहर कर दो.
अरुण यादव 

चेहरा घोषित करने की परंपरा नहीं रही कांग्रेस में

मध्यप्रदेश में पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि यह फैसला दिल्ली से होता है और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ही इस पर निर्णय करेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यादव ने शिवपुरी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की परंपरा नहीं रही है. उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया हों या फिर पार्टी के अन्य नेता, कांग्रेस अभी मुख्यमंत्री का प्रत्याशी घोषित नहीं कर रही है. मध्यप्रदेश में कोई चेहरा घोषित करते हैं या नहीं इसका फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ही करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की शिकायत चुनाव आयुक्त से की गई है. इनके द्वारा आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई गई है. उन्होंने कहा कि कोलारस विधानसभा क्षेत्र में लगभग 8 हजार एवं मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 18 हजार मतदाताओं के नाम दो से तीन स्थानों पर मतदाता सूचियों में लिखे हैं, इसकी शिकायत भी चुनाव आयोग से की गई है. अगर यह ठीक नहीं हुए तो चुनाव में भारी गड़बड़ी की आशंका है. उन्होंने कहा कि सही तरीके से चुनाव होने पर कांग्रेस कोलारस एवं मुगावली सीटें जीतेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें