राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र स्थित बैंक आॅफ बड़ौदा के एक अकाउंट से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मामले में इलाहाबाद निवासी एक व्यक्ति ने चैक का क्लोन बनाकर ढाई लाख रुपए से ज्यादा अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। करीब एक साल पहले पीड़ित ने संबंधित जहांगीराबाद थाने में शिकायती आवेदन सौंपा। जांच के आधार पर धोखाधड़ी करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मुकेश बंसल उम्र 42 वर्ष निवासी मकान नम्बर एमआईजी 22 अरेरा कालोनी, की शिकायत पर आरोपी शिवशंकर केशवानी के खिलाफ धोखाधड़ी करने की धारा 420, 467, 468, 471 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि फरियादी मुकेश बंसल, प्रायवेट ठेकेदारी करते हैं। बीते सात सितंबर 2016 को, उनके मालवीया नगर स्थित बैंक आॅफ बड़ौदा के अकाउंट से दो लाख 60 हजार रुपए डेबिट हुए थे। अकाउंट से पैसा डेबिट होने के बाद जब मुकेश बंसल के मोबाइल पर मैसेज आया, तो वह तत्काल पैसों की जानकारी लेने के लिए मालवीया नगर स्थित ब्रांच पहुंचे।पुलिस का कहना है कि बैंक अधिकारियों से पूछताछ करने पर मुकेश बंसल को पता चला कि उनके अकाउंट से 2 लाख 60 हजार रुपए इलाहाबाद स्थित हडिया जिला निवासी शिवशंकर केशवानी, के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इसके बाद मुकेश बंसल ने थाने में शिकायती आवेदन सौंपा। आवेदन की जांच के आधार पर आरोपी शिवशंकर केशवानी, के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें