शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

राशन बायोमेट्रिक ऐथेन्टीकेशन से ही वितरित होगा

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण भोपाल द्वारा निर्णय लिया गया है कि जिला मुख्यालय के विकासखण्ड क्षेत्र की ग्रामीण शासकीय उचित मूल्य दुकानों में माह मार्च 2018 से आधार बेस बायोमेट्रिक ऐथेन्टीकेशन द्वारा ही वितरण मान्य किया जाएगा. इस हेतु आवश्यक है कि माह फरवरी 18 के वितरण के साथ परिवार के उन सदस्यों का भी आधार नंबर लेकर एनएफएसए में फीड किया जाये. जिनका आधार नंबर अभी तक फीड नही है. जिला सागर के मुख्यालय सागर विकासखण्ड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सम्यक क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सागर जिला कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने सागर की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 18 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये विकासखण्ड सागर के समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक संस्थाओं के प्रबंधकों को निर्देश देते हुए कहा है कि फरवरी 18 के वितरण के साथ उपभोक्ताओं से उन सदस्यों के आधारकार्ड की छायाप्रति प्राप्त की जाये. जिनका आधार नम्बर अभी तक एनएफएसए पोर्टल में दर्ज नहीं है. इसका उद्देश्य किसी उपभोक्ता को सामग्री से वंचित करना नहीं है परन्तु आधार कार्ड की छायाप्रति लाने तक, उसकी सामग्री सुरक्षित रखते हुए उपभोक्ता को वापिस भेजा जा सकता है. शासकीय उचित मूल्य दुकानों से आधार नम्बर की छायाप्रति प्राप्त करने एनएफएसए पोर्टल में दर्ज करने का दायित्व क्षेत्र के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का होगा. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें