शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

मुख्यमंत्री का विद्यार्थियों से प्रेरणा संवाद आज भोपाल में

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 3 फरवरी को सुबह 11 बजे से शासकीय मॉडल स्कूल, टी.टी. नगर भोपाल में विद्यार्थियों से प्रेरणा संवाद करेंगे.  चौहान विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम देने के लिये प्रेरित करेंगे. प्रेरणा संवाद में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी शामिल होंगे. इसके पहले 15 से 30 जनवरी तक सभी जिलों के स्कूलों में प्रेरणा संवाद हो चुका है.मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रेरणा संवाद में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना और प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं के संबंध में विद्यार्थियों से चर्चा करेंगे. श्री चौहान आगामी परीक्षाओं के दौरान तनाव रहित समय प्रबंधन और जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के टिप्स भी देंगे. प्रेरणा संवाद का दूरदर्शन मध्यप्रदेश और आकाशवाणी पर सीधा प्रसारण किया जायेगा.
विमर्श पोर्टल एवं कॅरियर मोबाइल एप का शुभारंभ
मुख्यमंत्री प्रेरणा संवाद में एम.पी. कॅरियर मोबाइल एप और विमर्श पोर्टल सहित अन्य योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. एम.पी. कॅरियर मोबाइल एप विद्यार्थियों की अभिरुचि के परीक्षण के लिये तैयार किया गया है. इससे विद्यार्थी आगे की पढ़ाई किस विषय में करें, इस संबंध में जान सकेंगे. विद्यार्थियों की अभिरुचि परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर पालकों एवं विद्यार्थियों की काउंसिलिंग भी की जायेगी. कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों का अभिरुचि परीक्षण फरवरी में होगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें