शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

बदले जाएंगे भगोरिया मेले के स्थल

 मध्यप्रदेश के अलिराजपुर  जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध भगोरिया मेलों के आयोजन स्थल बदलेंगे जाएंगे. यह सारी कवायद भगोरिया मेलों में होने वाली भारी भीड को नियंत्रित, मेलों का व्यवस्थित संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर किया जाएगा. ताकि मेलों का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो. इस संबंध में कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शुक्रवार को बैठक आयोजित हुई. बैठक में पुलिस अधीक्षक  विपुल श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ  एम.एल. त्यागी, विधायक  नागरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर  सुरेश चन्द्र वर्मा, एसडीएम जोबट  साकेत मालवीय, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्रसिंह सोलंकी, एसडीएम अलीराजपुर  के.सी. ठाकुर, एसडीएम चन्द्रशेखर आजाद नगर राजेश मेहता, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी मगनसिंह कनैश, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, समस्त थानों के प्रभारीगण, भगोरिया आयोजित होने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचगण आदि उपस्थित थे.   बैठक में विधायक  नागरसिंह चौहान ने कहा मेलों में विभिन्न सामग्री की दुकानें मुख्य रोड से दूर लगाई जाए. ढोल मांदल लेकर आने वाली टोलियों के लिए पृथक से मैदान में स्थल चिन्हांकित किया जाए. मेलों के दौरान रोड किनारे लगने वाली ताडी की दुकानों को हटाया जाए, क्योंकि ताडी के नशे के बाद सडक दुर्घटनाएं अधिक होती है. मेलों में जुआं और सट्टे संबंधित खेल की दुकानों पर पूर्ण रूप से पाबंदी रखी जाए. साथ भगोरिया मेले को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां और दुष्प्रचार होता है. इसे रोकने के विशेष प्रयास किये जाने चाहिए.
    बैठक में कलेक्टर  मिश्रा ने जिले के प्रत्येक भगोरिया मेला आयोजन ग्राम का गुगल अर्थ पर स्थल का अवलोकन किया उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस वर्ष भगोरिया मेलों का आयोजन पर्याप्त व्यवस्थाओं और सुरक्षा के उचित प्रबंधों के बीच आयोजित होगा. इसके लिए उन्होंने जिले के प्रत्येक विकासखंड में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले भगोरिया मेले स्थल की वन टू वन व्यवस्थाओं पर चर्चा की. अलीराजपुर विकासखंड में अलीराजपुर, आम्बुआ और नानपुर में मेला स्थान परिवर्तन करने के निर्देश दिए. विकासखंड चन्द्रशेखर आजाद नगर में चन्द्रशेखर आजाद नगर, झिरण में मेला स्थल परिवर्तन के निर्देश दिए. बरझर का मेला यथावत स्थान पर ही लगेगा. सोंडवा विकासखंड में वालपुर में आयोजित होने वाले मेले हेतु एसडीएम सोंडवा श्री अखिल राठौर को वालपुर और खामट ग्राम में दोनों सरपंचों से चर्चा कर उचित स्थान पर आयोजन के निर्देश दिए. बखतगढ, कुलवट, छकतला, उमराली में मेला स्थल परिवर्तन के निर्देश दिए. कट्ठीवाडा विकासखंड में कट्ठीवाडा, चांदपुर, आमखूट में स्थान परिवर्तन एवं सोंरवा एवं कदवाल में मेला स्थल पर चिन्हांकन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उदगयढ विकासखंड में उदगयढ में थाने के पीछे, बोरी में बस्ती से दूर मेला स्थल तैयार करने के निर्देश दिए. वहीं जोबट विकासखंड में जोबट में नवीन मेला स्थल चिन्हांकन के निर्देश दिए गए. कलेक्टर श्री मिश्रा ने समस्त एसडीएम और तहसीलदार तथा संबंधित थाना प्रभारी को समन्वित रूप से बारीकी से सारी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रत्येक मेला स्थल पर मेला आयोजन के दो दिवस पूर्व उक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें