रविवार, 18 फ़रवरी 2018

धक्का मारकर ट्रेन से फेंका, युवक की मौत

इलाहाबाद से भोपाल आ रही कामायनी एक्सप्रेस में एक युवक की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया इलाके के पास चलती ट्रेन में गेट के पास बैठे युवक को एक अन्य युवक ने बिना किसी बात के धक्का मार दिया और नीचे धकेल दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई.  
जीआरपी थाना पुलिस के अनुसार इलाहाबाद में रहने वाला रितेश आज रविवार को अपने चचेरे भाई सुमित सिंह के साथ कामायनी एक्सप्रेस से भोपाल पहुंचने वाला था. इस दौरान रितेश और सुमित जनरल में यात्रा कर रहे थे. सीट न मिलने से परेशान होकर वे ट्रेन के दरवाजे के पास आकर बैठ गए. कुछ ही समय बाद टॉयलेट से निकले राजमल उर्फ रज्जू नाम के युवक ने बिना किसी बात-विवाद के रितेश को धक्का मार दिया और नीचे गिरा दिया. सुमित ने तत्काल प्रभाव से ट्रेन रुकवाई और सहयात्रियों की मदद से आरोपी को पकड़वाया. सुमित जैसे ही रितेश के पास पहुंचा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.  सुमित सिंह ने बताया कि वह और रितेश इलाहाबाद से भोपाल अपने किसी काम से आ रहे थे. कामायनी एक्सप्रेस में वे दोनों इंजन के बाद दूसरे कोच पर बैठे थे. सीट न मिलने के कारण दोनों की नींद पूरी नहीं हुई थी जिस वजह से वे ट्रेन के गेट के पास आकर बैठे गए. सुमित ने बताया कि जैसे ही आरोपी राजमल टॉयलेट से बाहर निकला तो वह खुद से ही बात करके बड़बड़ाने लगा, मैं मर रहा हूं, तू भी मर. सुमित ने अंदाजा लगाया कि आरोपी ने किसी बात का गुस्सा उतारने के लिए रितेश का सहारा लिया और उसे धक्का मार दिया. पुलिस ने राजमल उर्फ रज्जू निवासी सूखी सेवनिया भोपाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बेवजह युवक को धक्का मारने की बात कबूली पुलिस आरोपी को साइकोकिलर बता रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें