रविवार, 18 फ़रवरी 2018

वोटर लिस्ट के कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन बीएलओ निलंबित

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने मुंगावली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए अशोकनगर जिला कलेक्टर की विस्तृत जांच के बाद तीन बीएलओ को निलंबित कर दिया है. कलेक्टर द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह को भेजी गई रिपोर्ट में तीनों बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) द्वारा मतदाता सूची के कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतना पाया गया है.मुंगावली के जिन तीन बीएलओ को निलंबित किया गया है, उनमें मतदान केन्द्र क्रमांक 195-करैयातुर्क के मथुरा लाल नरवरिया (सहायक शिक्षक), मतदान केन्द्र क्रमांक 200-बरखेड़ा अथाई के मनोज शर्मा (सहायक अध्यापक) एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 248-बावरौद के नौनीतराम (सहायक अध्यापक) शामिल हैं. मतदान केन्द्र क्रमांक 01 सूरैल के बी.एल.ओ. मनोज यादव (रोजगार सहायक-जनपद पंचायत, चंदेरी) को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है.
अशोकनगर कलेक्टर ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शानुसार मतदान के पहले मतदान दलों को अनुपस्थित, स्थानातंरित, मृत तथा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सूची पृथक से दी जाएगी. इससे किसी भी प्रकार के बोगस, फर्जी मतदान होने की संभावना नहीं होगी. मतदान दलों को प्रशिक्षण में भी इस बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है. निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को 15 फरवरी से वोटर स्लिप का वितरण भी प्रारंभ कर दिया गया है.
उल्लेखनीय है कि कोलारस एवं मुंगावली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में अनेक मतदाताओं के नाम एक से अधिक मतदान केन्द्रों में दर्ज होने तथा मतदाता सूची में बोगस, फर्जी नाम शामिल होने के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सिंह को शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत की जांच शिवपुरी एवं अशोकनगर जिला कलेक्टर द्वारा करवाई गई. मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम की छानबीन करने के लिए सॉफ्टवेयर भी बनवाया गया, जिसमें ऐसे मतदाता जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट से निकालने की व्यवस्था है. इस प्रकार सॉफ्टवेयर के जरिए ऐसे नामों को सूचीबद्ध कर निकाला गया है. सत्यापन के बाद मुंगावली में 312 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थान पर पाए गए. मुंगावली में 245 मतदाता अनुपस्थित, 435 स्थानांतरित तथा 834 मृत मतदाता पाए गए. इनकी सूची मतदान केन्द्र पर तैनात होने वाले पीठासीन अधिकारियों को उपलब्ध कराई जा रही हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने शिवपुरी एवं अशोकनगर जिले के कलेक्टर को चुनाव कार्य में आयोग के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें