शनिवार, 19 मई 2018

कार्यकर्ताओं की ताकत से चौथी बार बनायेंगे सरकार: राकेश सिंह

         मैं गर्व से कह सकता हूं की दुनिया का सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं कुशल संगठक अमित शाह के रूप में हमारे पास है. साथ ही आप जैसे निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत के साथ हम प्रदेश में  शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार एवं केंद्र में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सरकार बनाएंगें. यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने जबलपुर संभाग की संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कही.
सिंह ने कहा कि जबलपुर मां नर्मदा का पावन तट और रानी दुर्गावती की कर्मभूमि के साथ रणभूमि भी रही है और हम सभी वीरांगना रानी दुर्गावती की वीर गाथा सुनते हुए हम सभी बड़े हुए हैं. रानी दुर्गावती ऐसी वीरांगना थी. जिन्होंने कभी अपने लक्ष्य से ध्यान ओझल नहीं किया और सिंहनी की तरह लड़ते हुए दुश्मनों को परास्त किया है. हमें उनसे प्रेरणा लेना चाहिए.  सिंह ने कहा कि महाकौशल और जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी का जो यह विशाल स्वरुप है, उसके लिए हमारे उन संगठनकर्ताओं का त्याग और तपस्या है. जिन्होंने विषम परिस्थितियों में पार्टी को खड़ा करने में अपना योगदान दिया है. 
        प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दायित्व मिलने के उपरांत मैंने प्रदेश के सभी संभागों का दौरा किया और आज अंतिम संभाग जबलपुर में संभागीय दौरा समाप्त हुआ है. पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता उत्साह और जोश से परिपूर्ण है. क्योंकि प्रवास के दौरान जिस जिले से मेरा जाना हुआ वहां के अपने कार्यकर्ता भाइयों और बहनों ने अभूतपूर्व स्नेह और प्यार मुझे दिया. यह उत्साह और स्नेह किसी व्यक्ति का नहीं बल्कि हमारी गौरवशाली परंपरा का स्वागत है, जिसे हमारे संगठन कर्ताओं ने खड़ा किया है श्री सिंह ने कहा कि अपने प्रवास के दौरान जिस तरह का सकारात्मक वातावरण और उत्साह  कार्यकर्ताओं में देखने मिला है उससे मैं कह सकता हूं कि आने वाले विधानसभा चुनाव मैं मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चैथी बार सरकार बनाने से हमें दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती. 2019 में प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों में हम विजय होंगे और केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी.
        उन्होंने कहा कि अबकी बार 200 पार का नारा नहीं बल्कि हमारा संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए आप जैसे कार्यकर्ताओं को पूरे प्रण प्राण से जुटना होगा और हर मतदान केंद्र तक जाकर पार्टी संगठन का कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना होगा.
        प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता उत्साह से लवरेज है और यह उत्साह प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह के संभागीय प्रवास के दौरान हमें देखने मिला है. श्री भगत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ परिश्रम जुड़ा हुआ है यदि हमें कुछ मिला है तो वह परिश्रम से मिला है और आगे कुछ मिलेगा तो परिश्रम से ही मिलेगा. आज की बैठक में जनसंघ से लेकर भाजपा तक कार्य करने वाले कार्यकर्ता मौजूद हैं, और हम सभी जानते हैं कि मतदान केंद्र में पार्टी को खड़ा करने का कार्य हमारा कार्यकर्ता ही करता है. आज पार्टी का यह विशाल स्वरूप उन्हीं मतदान केंद्र के कार्यकर्ताओं की बदौलत है. आने वाले चुनावों में हमें हर बूथ 50 प्रतिशत से अधिक वोटों से जीतना होगा इसके लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें