सोमवार, 1 अक्टूबर 2018

खेल मंत्री ने कहा विभाग तरसता है बजट को



मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जयंत मलैया के बाद अब खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने खेल विभाग के बजट को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पर तंज कसा है. उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि खेल विभाग को कम बजट मिलता है, विभाग बजट को तरसता है.
मध्यप्रदेश में चुनावी साल में जहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान लगातार घोषणाएं कर रहे हैं, वहीं उनके काबीना मंत्री बजट को लेकर अपने तरीके से बात कहकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं. आज सोमवार को खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने राजधानी के टी.टी. नगर स्टेडियम में मुख्यमंत्री खेल कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए यह बात कही. उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, मगर बजट के अभाव में इन खिलाड़ियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. उन्होंने कहा कि अन्य विभागों को जहां बजट बढ़ाकर दिया जाता है, वहीं खेल विभाग के बजट में कटौती कर दी जाती है. 
यशोधरा राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह को जो उन्होंने वचन दिया था, उस वचन को उन्होंने पूरा किया है. वे अपने वचन पर खरी उतरी हैं. मंत्री का यह आशय खिलाड़ियों द्वारा हाल ही में किए प्रदर्शन को लेकर था. अपने मंत्रालय की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जापानी टूरिस्ट को आर्कषित करने के लिए मैंने सांची में गोल्फ कोर्स खोलने की कोशिश भी की थी.
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश के वित्त मंत्री जयंत मलैया ने भी दमोह में एक भूमि पूजन कार्यक्रम में बजट और घोषणा पर कहा था कि जिस दिन मुख्यमंत्री दमोह आएंगे मेडिकल कॉलेज की घोषणा उनसे करा लूंगा, क्योंकि मैं वित्त मंत्री हूं, घोषणा तब करता हूं जब हमारे खाते में पैसा आ जाए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें