बुधवार, 6 फ़रवरी 2019

आंखों ही आंखों में इशारा हो गया, बबुआ बुआ के सहारे हो गया..

शिवराज सिंह चौहान 
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तरप्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन को पर चुटकी लेते हुए एक फिल्मी गीत की तर्ज पर कहा कि आंखों ही आंखों में इशारा हो गया, बबुआ बुआ के सहारे हो गया..
चौहान ने बात उत्तरप्रदेश के बाराबंकी में आयोजित बाराबंकी, अयोध्या एवं आंबेडकर नगर के सेक्टर संयोजक, प्रभारियों, लोकसभा चुनाव के प्रभारी, संयोजक एवं जिला अध्यक्षों की बैठक में कही. उत्तरप्रदेश के बाराबंकी, आयोध्या एवं आंबेडकर नगर लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को बाराबंकी में आयोजित की गई. बैठक को संबोधित करते हुए   पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने उत्तरप्रदेश में सपा और बसपा के गठबंधन पर जमकर चुटकियां लीं. उन्होंने एक फिल्मी गीत की तर्ज पर कहा कि आंखों ही आंखों में इशारा हो गया, बबुआ बुआ के सहारे हो गया.. विपक्षी एकता की चर्चा करते हुए  चौहान ने कहा कि कभी उत्तरप्रदेश में महागठबंधन बनता है, तो कभी पश्चिम बंगाल में विपक्षी नेता एकजुट होते हैं. इन्हें कितना डर है सीबीआई का. मैं पूछता हूं, अगर तुमने कुछ गड़बड़ नहीं की तो डरते क्यों हो भाई ?  चौहान ने कहा कि सभी चोर मिलकर चौकीदार को हटाने में लगे हुए हैं.
कांग्रेस की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने में विश्वास रखती है. मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने किसानों का कर्ज 10 दिनों में माफ करने की बात कही थी, लेकिन डेढ़ महीना बीतने पर एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि राहुल बाबा, अगर सच का साथ देते हो तो हटाओ अपने मुख्यमंत्री को.  चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार मध्यप्रदेश में भले ही न बनी हो,  लेकिन वोट हमें कांग्रेस से ज्यादा ही मिले हैं. हम अपनी जनकल्याणकारी नीतियों के कारण आज भी जनता के बीच लोकप्रिय हैं. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के मन में तकलीफ है, दर्द है कि हमारी सरकार नहीं बन पाई. हम सरकार में भले ही न हों लेकिन जनता के बीच जाना बंद नहीं किया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें