गुरुवार, 7 फ़रवरी 2019

मौसम में आया बदलाव कहीं हुई बारिश, कहीं गिरे ओले

मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव आया है. बीती रात को राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में बारिश हुई तो कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे. मौसम विभाग राज्य के रीवा, सागर, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग के जिलों में बारिश होने की चेतावनी भी दी है.
प्रदेश में दो दिनों से ठंड से राहत पा रहे लोगों को आज गुरुवार की सुबह से फिर ठंड का अहसास हुआ. बीती रात को कई जिलों में बारिश हुई और कुछ स्थानों पर तो ओले भी गिरे. इसके चलते मौसम में बदलाव आया और तापमान में गिरावट भी. राजधानी भोपाल में बुधवार की रात को बारिश हुई, इसके बाद आज दिनभर तेज हवाएं चलती रही. इसके चलते तापमान में गिरावट आई है. 
 मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक तापमान में गिरावट आएगी. मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर सहित  प्रदेश के कई जिलों में बूंदा-बांदी हुई तो कुछ जिलों में तेज बारिश भी हुई. इससे तापमान में गिरावट आई. नरसिंहपुर में रात में कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई.  वहीं मंडला में भी मौसम का ऐसा ही मिजाज देखने को मिल रहा है. यहां भी आज बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रही. इस वजह से ही दिन में ही लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है. वहीं ग्वालियर में शहरी क्षेत्र के साथ ही डबरा, चीनौर, बिलौआ में करीब दस मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरे.  ग्वालियर में 3.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई. इसके अलावा भिंड जिले के गोहद, ऊमरी और मेहगांव में चने के आकार के ओले गिरे हैं, जबकि मुरैना, शिवपुरी और दतिया में सिर्फ बारिश हुई है. राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह बारिश हुई है.
यहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के रीवा, सागर, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल और भोपाल संभाग के जिलों में आगामी 24 घंटों में कहीं तेज तो कही हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा इन संभाग के कुछ जिलों में ओले भी गिरने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के दतिया, मेहंगाव में 2, गुना, भिंड, गोहद, मुरैना और जौरा में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई है. राज्य में सबसे कम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रतलाम में दर्ज किया गया.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें