भाजपा ने बुजुर्गों को जेल में डाला
 |
| डा. रामकृष्ण कुसमरिया |
मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री डा. रामकृष्ण कुसमरिया ने कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद अपने संबोधन में कहा कि भाजपा जिस नीति और संस्कार की बात कहती है, वे अब वहां नहीं रहे हैं. उन्होंने राजमाता विजयराजे सिंधिया का उल्लेख करते हुए कहा कि मैंने उनसे (राजमाता) चार आने में भाजपा की सदस्यता ली थी, तब से अब तक मैं उस पार्टी में रहा, मगर अब जब लगातार वरिष्ठों, सम्मानितों का सम्मान नही हो रहा है तो मुझे भी भाजपा से दूरी बनानी पड़ी, मुझे पार्टी छोड़ने का विवश होना पड़ा. उन्होंने राजा दक्ष के पुत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि आज ऐसा लग रहा है जैसे भाजपा में वरिष्ठों, सम्मानितों को जेल में डाल दिया है. डा. कुसमरिया ने कहा कि मुझे विश्वास है कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस के वचनपत्र पूरा होगा और किसान खुशहाल नजर आएगा. प्रदेश में गौ माता की रक्षा होगी साथ ही वृक्ष भी बचेंगे. कुसमरिया अपने भाषण के दौरान भावुक भी दिखाई दिए, भाजपा को छोड़ने का दर्द भी दिखा, मगर उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में सम्मानितों का सम्मान न हो वहां रहकर क्या करना. हमें जहां सम्मान मिलेगा, वहां पर रहकर हम काम करेंगे. उन्होंने कहा कि जब राज्य में मुख्यमंत्री द्वारा स्मार्ट सिटी की बात की जा रही थी, तब मैंने कहा था कि स्मार्ट गांव की बात क्यों नहीं की जा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसान का कर्ज माफ कर बड़ा काम किया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें