मंगलवार, 5 फ़रवरी 2019

राहुल 8 को, शाह 10 को मध्यप्रदेश में फूंकेंगे चुनावी बिगुल

 कांग्रेस किसानों को साधेगी, भाजपा कार्यकर्ताओं को करेगी एकजुट
मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों ने लोकसभा चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के अलावा मतदाता को साधने का काम तेज कर दिया है. कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 8 को भोपाल में और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 10 फरवरी को सागर में चुनावी बिगुल फूूंगेंगे. राहुल गांधी जहां राजधानी में किसानों का आभार मानेंगे, वहीं अमित शाह सागर में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम करेंगे.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 8 फरवरी को भोपाल के जंबूरी मैदान में किसान सम्मेलन और रैली को संबोधित करेंगे. वे सम्मेलन के जरिए किसानों का आभार भी मानेंगे. राहुल की इस यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने रणनीति के तहत तैयारियां शुरु कर दी है. सभी मंत्रियों को भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया है. मंत्री भी अपने गृह और प्रभार वाले जिलों में पहुंचकर पदाधिकारियों को किसानों और कार्यकर्ताओं को 8 फरवरी को भोपाल लाने की तैयारी में जुटे हैं. 
कांग्रेस पदाधिकारी राहुल गांधी के आगमन की तैयारियों में जुटे हैं. जंबूरी मैदान में सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई है. पदाधिकारी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में होने वाली पहली इस बड़ी रैली को सफल बनाना चाहते हैं. कांग्रेस नेताओं की माने तो कांग्रेस राहुल गांधी द्वारा मंदसौर में की गई कर्ज माफी की घोषणा को भुनाना चाहती है. यही वजह है कि सम्मेलन में कर्ज माफी का फायदा जिन किसानों को मिल रहा है, उन सभी किसानों को रैली और सम्मेलन में लाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है. ताकि लोकसभा चुनाव के पहले होने वाली इस रैली के जरिए कांग्रेस एक बार फिर किसानों के वोट बैंक को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल हो सके. 
शाह आएंगे 10 को सागर में
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 10 फरवरी को सागर से लोकसभा के चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे. शाह सागर में पालक संयोजक कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे. वे यहां कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम करेंगे.  इस बैठक के बाद लोकसभा संचालन टोली की बैठक भी सागर में होगी. सागर के दीपाली होटल के पास ग्राम बामोरा में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.  शाह के इस कार्यक्रम के लिए 32 विधानसभाओं का एक क्लस्टर तैयार किया गया है. भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अलग-अलग क्लस्टर बनाए हें. बुंदेलखंड क्लस्टर का प्रभारी प्रदीप लारिया को बनाया गया है.  बुंदेलखंड की 26 विधानसभा सीटों के साथ विदिशा और कटनी की 3-3 सीटों को भी शामिल किया गया है. क्लस्टर के तहत मध्यप्रदेश में सबसे पहले पालक संयोजक की बैठक सागर में होने जा रही है, इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शामिल शामिल हो रहे हैं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें