गुरुवार, 7 फ़रवरी 2019

किसानों को सम्मानित करेंगे राहुल गांधी, सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम

आईजी भोपाल ने किया निरीक्षण, कहा सुरक्षा में 2 हजार पुलिस जवान रहेंगे तैनात   

मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में राहुल गांधी कल किसानों को सम्मानित भी करेंगे. गांधी के इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई है. वहीं उनकी सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा कर दिया गया है. राहुल की सुरक्षा में 2 हजार पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे. इनमें 10 आईपीएस अधिकारी भी शामिल होंगे. 
कांग्रेस के किसान सम्मेलन के लिए जंबूरी मैदान पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. मंच के आसपास किसी तरह की कोई एलईडी नहीं लगाई जा रही है, जिससे दूर तक बैठे किसानों से सीधा संवाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कर सकें.  गांधी की सभा को लेकर आज पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई. भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष प्रदेश के किसानों का मंच से सम्मान करेंगे.गांधी दोपहर 1 बजे मंच पर आएंगे. इस रैली में समूचे मध्य प्रदेश के किसान आएंगे और राज्य सरकार द्वारा जय किसान ऋण माफी योजना लागू करने के लिए राहुल का अभिनंदन करेंगे. सम्मेलन में मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित पार्टी के अन्य नेता भी शामिल होंगे. मध्यप्रदेश सरकार ने जय किसान ऋण माफी योजना के तहत करीब 55 लाख किसानों के दो लाख रुपए के कर्ज को माफ करने का फैसला किया है. इस पर लगभग 50 हजार करोड़ रुपए खर्च आएगा और 22 फरवरी से किसानों के खाते में राशि भेजी जाएगी.
2 हजार पुलिस के जवान सुरक्षा में
राहुल गांधी के कल शुक्रवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. भोपाल रेंज के आईजी जयदीप प्रसाद ने आज अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि  राहुल गांधी की सुरक्षा को देखते हुए 2 हजार पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं. इनमें आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं. कुछ जवान दूसरे जिलों से भी बुलाए गए हैं. प्रसाद ने बताया कि स्पेशल ग्रुप एसपीजी के जवान भी कल तैनात किए जाएंगे. जंबूरी मैदान में पर बनाए गए सौ द्वारों पर डीएफएमडी लगाया गया है. इसके अलावा यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है. प्रसाद ने बताया कि इंदौर, राजगढ़, रायसेन, होशंगाबाद, और भोपाल की ओर से कार्यक्रम स्थल तक आने वाले वाहनों की अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम स्थल पर जो वाहन जिस मार्ग से जाएगा, उसी मार्ग से उस वाहन की वापसी भी होगी. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें