शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2019

मोदी के लिए संघ ग्वालियर में करने जा रहा बड़ी बैठक

विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद लोकसभा चुनाव को लेकर अब फिर से संघ सक्रिय होने जा रहा है. संघ इस बार अपनी सक्रियता ग्वालियर-चंबल अंचल से दिखाएगा. इसके चलते संघ की एक बड़ी बैठक मार्च माह के पहले सप्ताह में ग्वालियर में होने जा रही है. इस बैठक मेंं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को उपस्थित रहने को संघ पदाधिकारियों ने कहा है. बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर भाजपा की सरकार 2019 के चुनाव में बने इसकी रणनीति बनाई जाएगी.
ग्वालियर-चंबल अंचल में एट्रोसिटी एक्ट की लहर में भाजपा को विधानसभा चुनाव में करारी हार मिली थी. सवर्णों की नाराजगी को भांपते हुए अब संघ ने इस वर्ग को साधने की तैयारी कर ली है. संघ मार्च माह की 8 तारीख से ग्वालियर में तीन दिवसीय एक बड़ी बैठक करने जा रहा है. इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी तो रहेंगे ही साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और संगठन महामंत्री रामलाल को भी उपस्थित रहने को कहा गया है. संघ द्वारा इस बैठक को प्रतिनिधि सभा की बैठक बताया जा रहा है. इस बैठक की अध्यक्षता संघ प्रमुख मोहन भागवत करेंगे.
बताया जा रहा है कि इस बैठक में लोकसभा चुनाव 2019 में नरेंद्र मोदी सरकार की फिर से जीत पर फोकस किया जाएगा. संघ के सभी सहयोगी संगठनों के बड़े नेता इस बैठक में चुनाव की रणनीति का खाखा तैयार करेंगे.  बैठक में लोकसभा के एजेंडे को भी तय किया जाएगा. देश में हिंदुत्व के एजेंडे को चुनाव में जनता के सामने कैसे रखना है इस पर इस बैठक में चर्चा की जाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें