गुरुवार, 7 फ़रवरी 2019

कमलनाथ ने मंत्रियों कहा मोबाईल से संभलकर रहें

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने मंत्रियों के लिए आचार संहिता बनाई है. इसका पालन हर मंत्री को करना होगा. आचार संहिता में इस बात का उल्लेख किया गया है कि हर मंत्री सोच-समझकर आचरण करे और मोबाईल से संभलकर रहे.
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तेज पेज की आचार संहिता अपने मंत्रियों के लिए बनाई है. इस आचार संहिता में 30 बिन्दुओं पर जोर दिया गया है. मंत्रियों को किनसे किस तरह का आचरण करना है और किस तरह से मीडिया में उनके संबंध बनाए रखना है, इसका उल्लेख है. मंत्रियों के लिए बनाई आचार संहिता में कमलनाथ ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों और मीडिया के सामने संभल कर उन्हें बोलना होगा. कैबिनेट बैठक की जानकारी अधिकृत मंत्री द्वारा ही दिए जाने की बात उन्होंने कही है. संवेदनशील विषयों पर अपनी निजी राय देने से परहेज रखने को भी कहा गया है. 
मंत्रियों के लिए बनाई आचार संहिता में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि मंत्री अपने स्टाफ द्वारा किए जाने वाले ट्वीट या प्रेस स्टेटमेंट को जब तक स्वयं ना जांच लें, तब तक जारी नहीं करे. सार्वजनिक भाषण करते समय इस बात का ध्यान रखें कि आपकी कही गई सभी बातें समाचार बन सकती है. उन बातों को बोलने से बचें जो नकारात्मक हों या सरकार के लिए नुकसानदेह हो सकती है.
सही-गलत पत्रकार की पहचान जनसंपर्क अधिकारी से करें
मीडिया को लेकर आचार संहिता में उल्लेख किया है कि पत्रकारों द्वारा आजकर मोबाइल कैमरों से ही बातचीत और बयान रिकार्ड किए जाते हैं, मोबाइल की मौजूदगी में हमेशा ध्यान से बातचीत करें. सामान्यतया पत्रकारों से अपने कार्यकर्ताओं या सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में बातचीत नहीं करें. प्रयास करें कि पत्रकारों से भेंट अलग से ही हो. प्रतिष्ठित एवं महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों के पत्रकारों से उचित एवं गरिमापूर्ण मेल-जोल बनाए रखने का क्रम नियमित रखें. सही एवं गलत पत्रकारों की पहचान अपने जनसंपर्क अधिकारी की मदद से करें.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें