शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2019

राहुल बने राम, मोदी को बताया रावण

लोकसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी अब तेज हो गई है. राहुल गांधी के भोपाल आगमन को लेकर कांग्रेस के उत्साही नेताओं में इस बात की होड़ मची कि राहुल गांधी के पोस्टर कुछ इस तरह से लगाए जाएं ताकि वे चर्चा में रहे. राहुल की पिछली यात्रा के दौरान जहां उन्हें शिवभक्त और रामभक्त बताने का पूरा प्रयास कांग्रेस नेताओं ने किया तो इस बार एक कदम बढ़कर इन नेताओं ने राजधानी भोपाल में एक ऐसा पोस्टर लगा दिया जिसमें राहुल गांधी को राम और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रावण बताने का प्रयास किया गया.
राजधानी मेंयह पोस्टर सूरज तिवारी फेन्स क्लब द्वारा लगाया गया है. इस पोस्टर में लिखा है कि चौकीदार ही चोर है. चोरों तुम्हारी खैर नहीं, हम राम भक्त है. चोरों के अलावा किसी से बैर नही. इससे पहले राजधानी में ही गुरुवार को एक पोस्टर और लगाया गया था, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश का भावी प्रधानमंत्री बताया गया है. कुछ पोस्टरों में गांधी को 'राम भक्त' बताया गया है. साथ ही राम मंदिर बनवाने का वादा करते हुए कहा गया है कि सर्व सम्मति से अयोध्या में राम मंदिर बनवाएंगे. ऐसे राम भक्त का स्वागत करते हैं. हालांकि यह पहला मौका नही है. इसके पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भी जब राहुल गांधी भोपाल आए थे तब उन्हें कांग्रेस के नेताओं ने  'राम भक्त', 'शिवभक्त' के तौर पर प्रचारित किया था.
मंच तक पहुंचने करते रहे प्रयास, पुलिस ने रोका
राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने आए कार्यकर्ता मंच के समीप जाकर बैठना चाहता था. वह इसके लिए कई स्थानों पर पुलिस से भी हुज्जत करता नजर आया. मगर उसका यह प्रयास असफल ही रहा. कुछ कार्यकर्ताओं को पदाधिकारियों ने समझाइश दी और शांत किया. इसके बाद वे जहां स्थान मिला वहीं बैठ गए. जंबूरी मैदान पर कुछ कार्यकर्ता अपने पोशाक को लेकर भी आकर्षण का केन्द्र बने. कार्यकर्ताओं ने टी शर्ट पहने रखी थी, इस टी शर्ट पर चौकीदार चोर है श्लोगन भी लिखे हुए थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें