शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

कांग्रेस विधायक के खिलाफ बलात्कार, अपहरण का मामला दर्ज

हेमंत कटारे 

 ब्लैकमेलिंग मामले में आया नया मोड़, लड़की और उसकी मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

कांग्रेस के विधायक हेमंत कटारे के खिलाफ भोपाल पुलिस ने बलात्कार और अपहरण का मामला दर्ज किया है. पूर्व में क्राइम ब्रांच ने कटारे की शिकायत पर  युवती को ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार किया था, युवती जेल में बंद है. युवती द्वारा जेल से भेजे पत्र के आधार पर कटारे के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है. कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे द्वारा बीते 23-24 जनवरी को क्राइम ब्रांच को शिकायत कर एक युवती द्वारा ब्लैकमेलिंग किए जाने की शिकायत की थी. इस मामले में क्राइम ब्रांच ने युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया था, बाद में युवती को जेल भेज दिया गया. युवती और उसकी एवं युवती के एक परिचित युवक द्वारा वीडियो वायरल कर इस घटना को लेकर अलग-अलग बातें कहीं गई थी. इस मामले में बुधवार को युवती की मां गीतादेवी सिंह द्वारा बजरिया पुलिस को शिकायत की गई. इसके बाद गीतादेवी ने डीआईजी धर्मेन्द्र सिंह से मुलाकात कर कटारे के खिलाफ अपहरण की शिकायत की. गीतादेवी ने अपनी पुत्री द्वारा जेल से भेजे गए शिकायती पत्र भी डीआईजी को दिया. गीतादेवी ने बताया कि कटारे ने उनका अपहरण कराया और बंदूक की नोक पर उनसे कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए. डीआईजी के निर्देश पर बजरिया पुलिस ने कटारे के खिलाफ बजरिया थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 27 पर अपहरण का मामला दर्ज किया है. इसके अलावा कटारे के तीन साथियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. कटारे के खिलाफ दूसरी शिकायत युवती द्वारा जेल से भेजे गए शिकायती पत्र के आधार पर की गई. शिकायती पत्र में पुलिस को युवती ने बताया कि एनजीओ के कार्यक्रम में कटारे से मुलाकात होने के बाद उन्होंने उसका नंबर लिया था और पहली बार उनके अरेरा कालोनी स्थित जूना जिम में उससे रेप किया था. इस दौरान कटारे ने उसके कुछ फोटो ले लिए थे और इन्हें सार्वजनिक करने के नाम पर डरा धमकाकर बाद में कई बार रेप किया. युवती ने शिकायत में कहा कि हेमंत कटारे उसे जबरदस्ती दिल्ली भी ले गया था, जहां उसने होटल में भी उसके साथ रेप किया था. यह लेटर उसने अपनी हैंड राइटिंग में लिखा है. इसके बाद गुरूवार रात हेमंत कटारे के खिलाफ भोपाल के महिला थाने में भादवि की धारा 376, 342, 506 का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने इसकी पुष्टि की है.
यह था मामला
भिंड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र से कांगे्रस विधायक हेमंत कटारे के खिलाफ 24 जनवरी के दौरान युवती ने एक वीडियो शेयर किया था.  इसमें युवती ने हेमंत कटारे को एक बलात्कारी बताया था. लड़की ने दावा किया था कि उसके पास हेमंत कटारे से बातचीत की पूरी रिकार्डिंग और मिलने के फोटो-वीडियो सभी हैं. इन आरोपों के जवाब में हेमंत कटारे ने भी एक वीडियो शेयर कर प्रतिक्रिया दी थी. हेमंत कटारे ने कहा था, वीडियो मुझे ब्लैकमेल करने के लिए बनाया गया था. लड़की जो आरोप इस वीडियो में लगा रही है वे सब निराधार है. इसके बाद हेमंत कटारे को ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपए लेते हुए युवती को भोपाल क्राइम ब्रांच ने रंगे हाथ पकड़ा था. क्राइम ब्रांच ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भी भेजा था.
पुलिस ने जब्त किया विधायक का मोबाइल
ब्लैकमेलिंग मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच अब कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे के मोबाइल की पड़ताल करेगी. क्राइम ब्रांच ने हेमंत कटारे को नोटिस जारी कर मोबाइल जब्त कराने के लिए कहा था. काफी आनाकानी करने के बाद विधायक ने एक दिन पहले ही मोबाइल फोन क्राइम ब्रांच को सौप दिया था. मोबाइल फोन जब्त करने के बाद क्राइम ब्रांच छात्रा और कटारे के मोबाइल के कंटेंट का मिलान करेगी. साथ ही मोबाइल में मामले से जुड़े डाटा की भी जांच करेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें