शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

 दो की छुट्टी, चार से पांच नये चेहरों को मिलेगा मौका

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से हुई मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई. सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार कर सकते हैं, हालांकि अभी इसकी पुष्टि राजभवन की ओर से नहीं की गई है. 
मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने  गुरुवार की शाम को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद आज दिन में वे दोपहर तक मुख्यमंत्री निवास पर ही रहे. यहां पर उनकी मुलाकात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान से हुई. मुख्यमंत्री की इन मुलाकातों के बाद आज दोपहर से मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलों को जोर मिला है. लंबे समय से लग रहे कयासों के बीच माना जा रहा है कि कल शनिवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है. हालांकि राजभवन और मुख्यमंत्री कार्यालय ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है.
दो की छुट्टी और चार से पांच नये चेहरे
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच आज दिनभर इस बात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं गर्म रही कि मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार में दो मंत्रियों की छुट्टी की जा सकती है, जबकि चार से पांच नये चेहरों को मौका मिल सकता है. माना जा रहा है कि महाकौशल, विंध्य, बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल के अलावा मालवा विशेषकर इंदौर से किसी विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है. सूत्रों के अनुसार जातिय ओर क्षेत्रीय संतुलन बैठाते हुए विस्तार को अंजाम दिया जाएगा.
चुनावी साल को देखते विस्तार का लिया फैसला
मध्यप्रदेश में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव हैं. इस लिहाज से मंत्रिमंडल विस्तार  की सभी को खासतौर से सत्तारूढ़ दल भाजपा के नेताओं को इसकी काफी प्रतीक्षा थी. माना जा रहा है कि बेहतर परिणाम नहीं देने वाले कुछ मंत्रियों को हटाया जा सकता है और कुछ नए चेहरे भी शामिल किए जा सकते हैं. 230 सदस्यीय विधानसभा के मान से निर्धारित मापदंडों के अनुरूप राज्य में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं. वर्तमान में मुख्यमंत्री के अलावा 19 कैबिनेट और 9 राज्य मंत्री हैं. इस तरह बगैर किसी को हटाए अभी अधिकतम 6 लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है.  हालांकि प्राय: करके मुख्यमंत्री रणनीतिक तौर पर मंत्रिमंडल में कुछ स्थान रिक्त रखते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें