भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की विशेष बैठक में तय किया कि मोर्चा द्वारा प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मान यात्रा निकाली जाएगी. किसान मोर्चा ने आगामी माह में प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मान यात्रा करने का निश्चय किया. किसान सम्मान यात्रा के ग्यारह दिवसीय कार्यक्रम के बाद प्रदेश स्तर पर किसान प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित करने का भी निश्चय किया गया. मोर्चा के अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने बताया कि किसान सम्मान यात्रा की जिलों में तैयारी के लिए बैठक आयोजित की जायेगी जिसमें विधानसभा वार किसान सम्मान यात्रा के रूट, यात्रा के शुभारंभ और समापन की तिथियां तय की जाएंगी. किसान सम्मान यात्रा के लिए ग्राम पंचायत वार वरिष्ठ किसानों, प्रगतिशील किसानों, प्रशुपालकों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने इस कार्य का माडल पेश किया है. स्थानीय सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता किसान सम्मान यात्रा के माध्यम से जनपदीय जीवन से परिचित होंगे और समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयत्नशील होंगे. बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर किसान सम्मान यात्रा की तिथि निर्धारित करने के लिए मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रावत को अधिकृत किया गया. किसान सम्मान यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक लेंगे और अनुकूल वातावरण बनाएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें