शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

कांग्रेसी लंका का दहन करेंगे विभीषण

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए के.पी.यादव को विभीषण बताया है. चौहान  ने कहा कि कांग्रेसी लंगा का दहन विभीषण करेंगे. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  नंदकुमार सिंह चैहान ने यह बात मुंगावली में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पाप का घड़ा भर चुका है. मुंगावली क्षेत्र के बड़े सात्विक कांग्रेस नेता डॉ. केपी यादव भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं और उनके सहयोग से हमारे कार्यकर्ता मुंगावली क्षेत्र में कांग्रेसी लंका का दहन करेंगे. यह आमसभा नहीं भाजपा परिवार की बैठक है. हम एक विचारधारा से प्रभावित हैं. मुंगावली की धरती पर हम आपके सहयोग से चमत्कार दिखाएंगे. स्वर्गीय देशराज सिंह यादव ने पार्टी के लिए अपना पूरा जीवन दिया. उनके जाने के बाद हमारे संगठन ने निश्चय किया कि मुंगावली की एक ही आवाज, यहां पर कमल खिलाना है. उन्होंने कहा कि बाईसाहब की प्रतिष्ठा आप सबकी प्रतिष्ठा है. हम सबके स्वाभिमान की लड़ाई है. 2022 तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरे देश में कोई गरीब बगैर पक्की छत के नहीं रहेगा. मुंगावली क्षेत्र में हम 7 हजार मकान दे चुके हैं. इसलिए घर-घर जाएं, सांकल खटखटाएं और जन-जन से भाजपा के पक्ष में मतदान कराएं.  सम्मेलन को संबोधित करते समय मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की प्रत्याशी बाईसाहब यादव ने कहा कि आपका मतरूपी आशीर्वाद चाहिए, जिस तरह मेरे पति ने क्षेत्र की सेवा की, उसी तरह मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि हर सुख-दुख की घड़ी में आपके साथ खड़ी रहूंगी.  भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया ने बूथ कमेटियों के 5656 सदस्यों वाली पुस्तिका प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी. उन्होंने बताया पेज प्रमुखों के दो बार प्रशिक्षण हो चुके हैं. पेज प्रमुखों ने पेज का सत्यापन कर लिया है. इस उपचुनाव में हमारी विजय इन पेज प्रमुखों के कारण ही सुनिश्चित है.
पुतले, बुत करते हैं कांग्रेसी वरिष्ठों की जय-जयकार
कांगे्रस से भाजपा में आए  डॉ. केपी यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मैं जिंदगी की आखिरी सांसों तक आपकी सेवा करूंगा. मैंने आज अपना चोला उतार दिया और भाजपा रूपी चोला पहन लिया. मुझे मुंगावली क्षेत्र में काम करना है लेकिन कुछ लोग काम करने वालों को पसंद नहीं करते. उन्हें पुतले चाहिए, बुत चाहिए और यह पुतले और बुत उनकी जय-जयकार करते रहें. मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा परिवार में शामिल हुआ और मैं अपना पूरा जीवन भाजपा पार्टी के लिए समर्पित करता हूं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें