मध्यप्रदेश सतना जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मैहर में उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का भव्य शुभारंभ सांसद गणेश सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर किया. मैहर के संगीत समारोह की शुरूआत मैहर के प्रसिद्ध वाद्य वृन्द से की गई. इसके पहले शासकीय महाविद्यालय मैहर की छात्राओ ने सरस्वती वंदना की संगीतमयी प्रस्तुतियां दी. सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मैहर में बहुप्रतीक्षित उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह भव्य गरिमा एवं उत्साह से मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हमारे देश की संस्कृति, धरोहर, संगीत, लेखनी, साहित्य, विज्ञान हर क्षेत्र में अतुलनीय है, राज्य सरकार इन धरोहरों को संरक्षित और संवर्धित करने के प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि मैहर को बहुत शीघ्र ही फोरलेन सड़क के माध्यम से फैजाबाद अयोध्या से जोडा जायेगा. उन्होने कहा कि मैहर की पहचान मां शारदा और बाबा अलाउद्दीन खां के संगीत के कारण देश ही नही पूरे विश्व में होती है. प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की मंशानुरूप समारोह के आयोजन को संस्कृति विभाग के कलेण्डर मे शामिल कर लिया गया है. भविश्य में यह समारोह और भी भव्य उंचाईयों को प्राप्त करेगा. कार्यक्रम में कलेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला ने कहा कि मॉ शारदा की नगरी और बाबा अलाउद्दीन खां के नाम से मैहर का नाम देश देशान्तर में लिया जाता है. संगीत समारोह की संध्या का शुभारंभ प्रमुख कलाकार सुरेश कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में मैहर वाद्य वृन्द की प्रस्तुति के साथ किया गया. वाद्यवृन्द के कलाकारो ने राग केदार में अपनी भावभीनी आदरंजलि प्रस्तुत की. कार्यक्रम की द्वितीय प्रस्तुति सतेन्द्र कुमार पाण्डेय के गायन की रही. वहीं स्तुति श्रीवास्तव के कथक नृत्य ने भाव रसिक श्रोताओं को भाव विभोर किया. प्रथम संगीत संध्या मे पंडित माल्यवान चटर्जी का गायन और अनिल कुमार जैसवाल की सरोद पर प्रस्तुतियां भी हुई. इसके पहले सांसद गणेश सिंह और कलेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला ने मदीना भवन जाकर बाबा अलाउद्दीन खां की मजार पर चादर चढाई.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें