रविवार, 18 फ़रवरी 2018

मंत्री यशोधरा ने धमकाया मतदाताओं को

यशोधरा राजे सिंधिया 

कांग्रेस ने की चुनाव आयोग को शिकायत

मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा मतदाताओं को धमकाने का मामला सामने आया है. दरअसल, शिवपुरी के कोलारस उपचुनाव के मद्देनजर वह प्रचार करने पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने वोटरों को धमकी दे दी. सिंधिया ने लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की कि सिर्फ भाजपा ही है, जो लोगों को चूल्हा दिला सकती है. शिवराज सरकार में मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने धमकी भरे लहजे में कहा कि अगर आप पंजे को वोट दोगे तो हम पंजे को क्यों देंगे? हम पंजे के हाथ से क्यों देंगे आपको चूल्हा नहीं देंगे. आपको अपनी समझदारी से ऐसी पार्टी को वोट देना है जिसकी चीज आपके घरों में आ जाए. मंत्री यशोधरा यहीं पर नहीं थमीं. उन्होंने कहा, चूल्हे की योजना क्यों नहीं आई आपके पास? भारतीय जनता पार्टी यानी कमल की योजना है. आप पंजे में वोट दोगे तो आपके पास आएगी नहीं. आप कमल को वोट दोगे तो आपके पास आएगी, सीधी सी बात है. कांग्रेस ने प्रदेश की खेल मंत्री  यशोधरा राजे सिंधिया के विरूद्ध आचार संहिता का उल्लंघन की शिकायत चुनाव आयोग से की है. कांग्रेस शिकायत में कहा कि मंत्री ने क्षेत्र के मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए धमकाया. उन्होंने सभा में कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है, हमारा विधायक नहीं बनाओगे तो ना पानी मिलेगा, ना ही पिछड़ापन दूर होगा, यदि आप पंजे को वोट दोगो तो हम आपको मकान नहीं बनवाएंगे, गैस का चूल्हा नहीं देंगे, यदि आपने भाजपा प्रत्याशी को चुनाव में नहीं जिताया और कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दिया तब प्रदेश में हमारा मंत्रीमंडल है और मैं भी मंत्री हंू, हम लोग आप लोगों की किसी भी समस्या को हल नहीं करेंगे, यहां तक कि हम कोलारस विधानसभा क्षेत्र की जनता का कोई काम नहीं करेंगे और ना ही उनकी सुनेंगे. 
 मुख्यमंत्री की शिकायत
शिवराजसिंह चौहान 

प्रदेश कांग्रेस ने  प्रदेश के मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान के खिलाफ भी मुंगावली-कोलारस में आदर्श आचार सहिता के उल्लंघन की चुनाव आयोग को शिकायत की है. प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जे.पी. धनोपिया ने चुनाव आयोग को शिकायतें प्रेषित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान के विरूद्ध आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के दौरान प्रलोभन देने एवं मतदाताओं को डराने-धमकाने की शिकायत की है. प्रदेश कांग्रेस ने एक शिकायत में कहा है कि मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान ने मुंगावली क्षेत्र में मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रेटा और वक्तरपुर के बीच नदी स्थित होने के कारण उन्होंने कहा कि आचार संहिता के कारण मैं मजबूर हूं, क्योंकि कुछ भी घोषणा करूंगा तो कांग्रेस पार्टी हल्ला मचाएगी, कब तक आचार संहिता लगी रहेगी, चिंता मत करो, मतदान के बाद जैसे ही बाईसाहब भाजपा प्रत्याशी विधायक बनेंगी, तब मैं तत्काल उक्त नदीं पर पुल बनवा दूंगा और क्षेत्र की जनता को नदीं में से पैदल नहीं जाना पड़ेगा, पुल के ऊपर से जाएंगे. आश्चर्य इस बात का है कि आज तक मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक होने के कारण अवहेलना की गई और अब आम मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की शर्त पर पुल बनाने की बात करना सीधा-सीधा आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें