सोमवार, 22 जनवरी 2018

सुगर मिलें किसानों से 300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना क्रय करना सुनिश्चित करें

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिला    कलेक्टर अभय वर्मा ने कहा है कि जिले में सभी सुगर मिलें किसानों से 300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना क्रय करना सुनिश्चित करें, जिसके लिए सुगर मिलों ने 13 नवम्बर 2017 में सहमति देकर कमिटमेन्ट किया था.    इस सिलसिले में विशेष रूप से नर्मदा सुगर मिल सालीचौका, शक्ति सुगर मिल कौंड़िया, आकृति सुगर मिल तूमड़ा और राज राजेश्वरी सुगर मिल मोहपानी को कलेक्टर ने पत्र प्रेषित कर कहा है कि वर्तमान में यह शिकायत मिल रही है कि आपकी सुगर मिल द्वारा 21 जनवरी से किसानों से गन्ना 280 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है. यह कार्य आपके द्वारा 13 नवंबर को दी गई सहमति तथा कमिटमेन्ट के विपरीत है. यह अत्यंत खेदजनक तथा दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. आपके इस कृत्य से क्षेत्र के किसानों में काफी आक्रोश और नाराजगी व्याप्त है. वे आंदोलन तथा चक्काजाम कर रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि गन्ना की उचित क्रय दर के संबंध में जिले के किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में 13 नवम्बर को कलेक्ट्रेट नरसिंहपुर में सभी मुख्य राजनैतिक पार्टियों, विभिन्न किसान संघों, शासकीय अधिकारियों तथा शक्कर कारखानों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में किसानों की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए शक्कर कारखानों के प्रतिनिधियों द्वारा स्वत: कहा गया था कि वे इस वर्ष 2017-18 में जिले के सभी शक्कर कारखाने किसानों से बुरहानपुर जिले में स्थित नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना की गन्ना क्रय दर तथा टर्म्स एवं कंडीशन पर गन्ना क्रय करने के लिए सहमत हैं. बैठक में इस पर अन्य सभी पक्षों ने भी सहमति व्यक्त की थी. मुख्य कार्यपालन अधिकारी नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना बुरहानपुर द्वारा सूचित किया गया है कि वर्तमान में कारखाने में गन्ना की क्रय दर 300 रुपए प्रति क्विंटल है. इसी संदर्भ में कलेक्टर द्वारा खासतौर पर उक्त सुगर मिलों को 300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदने के लिए निर्देशित किया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें