शनिवार, 20 जनवरी 2018

जनता के बीच पहुंचे कार्यकर्ता

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाावरिया ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और परिणाम भी अच्छे आएंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच पहुंचकर कड़ी मेहनत करते हुए भाजपा को कमजोर करने को कहा. बावरिया ने ये बात आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक में कही. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर मेहनत करें और चुनाव की तैयारी में जुट जाएं. बावरिया ने कहा कि शहरों में जो भाजपा का प्रभाव दिख रहा है, उसके लिए कार्यकर्ता को जनता के बीच पहुंचना होगा और भाजपा के प्रभाव को कम करना होगा. उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर काम करना है, यही सफलता का मूलमंत्र है. बावरिया ने कहा कि गुटबाजी की जो बातें सामने आती है, उन्हें अब दूर करें और मैदान में सक्रियता दिखाएं. बावरिया ने कहा कि कार्यकर्ता को विधानसभा चुनाव तक घर-घर जाकर मतदाता को भाजपा की कमियों को बताना है. भाजपा की कमी को जब हम मतदाता तक पहुंचा देंगे तो निश्चित ही हमें सफलता मिलेगी. प्रदेश की जनता अब सरकार के झूठे वादों से त्रस्त हो गई है, हमें जनता के बीच फिर से अपनी पहचान बनानी होगी. बावरिया ने कहा कि संगठन में कुछ कमजोरियां हैं, हमें उन कमजोरियों को दूर करना होगा. कमजोरियों को दूर करने पर हमारी जीत तय है.बावरिया ने कहा कि संगठन को जो मजबूत बनाने का काम हमने शुरु किया है, उसे जल्द ही पूरा कर संगठन को मजबूत करेंगे. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दो दिनों से राजधानी में लगातार बैठक ले रहे हैं. इन बैठकों  में उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी है कि वे मैदान में दिखाई दें और एकजुट होकर काम करें.
शिवराज को नकार दिया जनता ने
बावरिया ने बैठक के दौरान नगरीय निकाय के आए परिणामों को लेकर कार्यकर्ताओं से कहा कि परिणाम बता रहे हैं कि जनता ने शिवराजसिंह चौहान को नकार दिया है. उन्होंने कांग्रेस को राघौगढ़ मिली जीत पर कहा कि इसी तरह की रणनीति बनाकर हमें चुनाव जीतना है. राघौगढ़ में कांग्रेस को जीत हासिल हुई, हालांकि यह क्षेत्र दिग्विजयसिंह के प्रभाव वाला है, लेकिन इस बार यहां की कमान सिंह के पुत्र और युवा नेता जयवर्धनसिंह के हाथ थी. बावरिया ने संकेत दिए कि चुनाव के दौरान अधिक से अधिक युवा वर्ग को हमें आगे लाना है, इस रणनीति पर ही हम चुनाव में काम करेंगे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें