मध्यप्रदेश के दतिया जिले के ग्राम सिकरी निवासी अर्जुन कुशवाहा पुत्र गोविन्द तथा गोपी पुत्र मंजू कुशवाहा के पास करीब 10-10 बीघा जमीन थी. इनके खेतों पर कुआं और बोरिंग पहले से थे. खेतों के आस-पास बिजली नहीं होने के कारण डीजल पंप से खेतों में सिंचाई करते थे. करीब 10 घंटे प्रति दिन पंप चलाने का 600-600 रुपए खर्च आ रहा था. इतनी लागत लगाने के बाद उन्हें खेती में विशेष मुनाफा नहीं हो रहा था. कृषक अर्जुन और गोपी को पता चला कि सूरज की रोशनी से चलने वाले विद्युत पंप मध्यप्रदेश सरकार 90 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करवा रही है. दोनों किसानों ने सीधे अक्षय ऊर्जा अधिकारी तेज कुमार श्रीवास्तव से सम्पर्क किया. संक्षिप्त औपचारिकताओं के बाद किसानों से केवल 10 प्रतिशत राशि जमा करवाई गई और शीघ्र ही उनके कुओं पर 3.65-3.65 लाख रुपए लागत के सोलर सिस्टम स्थापित करवा दिए गए. इन किसानों ने जब देखा कि दिन-भर पम्प चलने पर खेतों में सिंचाई तो रही थी किन्तु खर्च एक रुपये का भी नहीं हो रहा था, तब बहुत खुश हुए. अब इन किसानों को प्रति-दिन 600 रुपए की बचत हो जाती है. दतिया जिले में किसानों के खेतों में सोलर पंप लगाने का सिलसिला जारी है. अब तक करीब 80 किसान इसका लाभ ले चुके हैं. इस योजना से प्रत्यक्ष लाभ पाकर किसानों की खुशी उनके चहरे पर साफ-साफ दिखाई दे रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें