राजधानी के पिपलानी इलाके में बीती रात एक युवक पर दो भाईयों ने तलवार से हमला कर दिया. हमले में युवक और उसके साथी को चोटें आई हैं. युवक पर हमला पिता के साथ की गई बदसलूकी को लेकर किया गया था. पिपलानी पुलिस के अनुसार सतनामी नगर निवासी गोलू जोगी का मोहल्ले में रहने वाले रमेश विश्वकर्मा नामक युवक से झगड़ा हो गया था. झगड़े के चलते गोलू ने रमेश के साथ बदसलूकी कर दी थी. सोमवार रात किशन चौराहे के पास रमेश के बेटे अम्मू विश्वकर्मा और अस्सू विश्वकर्मा, पहुंचे. यहां पर पहले से ही गोलू जोगी और उसका दोस्त राजू चौहान मौजूद था. पुलिस का कहना है कि अम्मू और अस्सू ने अपने पिता के साथ की गई बदसलूकी को लेकर गोलू पर तलवार से हमला कर दिया. जब राजू बीच-बचाव करने के लिए आया, तो दोनों विश्वकर्मा भाईयों ने उस पर भी हमला कर दिया.
पुलिस का कहना है कि हमले में गोलू की छाती में गंभीर चोटें आई हैं. वहीं राजू भी हल्के रूप से घायल हुआ है. दोनों को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि आज मंगलवार तड़के गोलू की शिकायत पर आरोपी अम्मू और अस्सू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें