पेट्रोल-डीजल पर सैस लगाना आत्मघाती कदम : आलोक अग्रवाल
 |
| आलोक अग्रवाल |
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल पर सैस लगाकर दामों में इजाफा करने की तैयारी कर रही है, जो महंगाई से त्रस्त जनता के प्रति आत्मघाती कदम है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की दरें पहले ही उच्चतम स्तर पर हैं. ऐसे में सैस लगाने से आम जनता की कमर पूरी तरह टूट जाएगी. उन्होंने मांग की है कि सरकार इस जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस ले, अन्यथा इसके परिणाम बेहद भयावह होंगे. उन्होंने कहा कि तीन महीने पहले राज्य सरकार ने वैट में कटौती की थी, लेकिन हकीकत में इसका लाभ जनता को नहीं मिला है. प्रदेश में वैट घटाने के बावजूद लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जो वर्तमान उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है. ताजा फैसले के बाद इसमें और बढ़ोतरी होगी, जो आम जनता और व्यापारी वर्ग की मुश्किलों को कई गुना बढ़ा देगा. उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवहन और माल ढुलाई की लागत बढ़ जाएगी. नतीजतन बहुत सारी चीजों के दाम बढ़ जाएंगे.
उन्होंने कहा कि सरकार का कहना है कि इस साल वैट दर कम करने से 155 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है. लेकिन वहीं यह भी सच है कि जनता ने इस बीच पेट्रोल के दाम 73.08 रुपए के बजाय 76.56 रुपए और डीजल के लिए 59.34 रुपए के बजाय 65.10 रुपए चुकाए हैं. यानी सरकार को जनता से ज्यादा पैसा मिला है. जनता की ओर से पेट्रोल-डीजल के दाम ज्यादा चुकाने के बावजूद सरकार को घाटा हुआ है, तो यह कैसे हुआ है, इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें