मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीनिवास तिवारी का निधन हो गया. लंबे समय से बीमार चल रहे श्रीनिवास तिवारी ने गुरुग्राम के एस्कॉर्ट फोर्टिस में अंतिम सांस ली.
93 वर्षीय श्रीनिवास तिवारी को मंगलवार को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके चलते परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया था. गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों की सलाह पर बुधवार को उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया था. वे सन 1972 में समाजवादी पार्टी से मध्यप्रदेश विधान सभा के लिए निर्वाचित हुए. और सन 1973 में इंदिरा गांधी के कहने पर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए. 1977, 1980 एवं 1990 में विधान सभा के सदस्य निर्वाचित. 1980 में अर्जुन सिंह के मंत्रिमंडल में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री रहे. 1977 में विधायक चुने जाने के बावजूद विपक्षी पार्टी की सरकार बनने की वजह से उन्हें कोई बड़ा पद नहीं मिल सका.
मुख्यमंत्री चौहान जताया शोक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के निधन पर गहन दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने शोक संदेश में कहा है कि कहा है कि तिवारी संसदीय मामलों के ज्ञाता थे. उनका प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. चौहान ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है. साथ ही शोक संतृप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना भी व्यक्त की है. मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान सहित प्रदेश के कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने तिवारी के निधन पर शोक जताया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें