शनिवार, 20 जनवरी 2018

दामाद ने की थी ससुर की हत्या

राजधानी के बैरसिया थाना क्षेत्र में चार दिन पहले हुई अधेड़ की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मृतक के दामाद ने ही पुराने विवाद में हत्या की थी.  बैरसिया पुलिस के अनुसार  पर्वत सिंह बैरसिया का ही रहने वाला है. चार साल पहले उसकी बेटी को चरण सिंह नाम के युवक  भगा ले गया था, बाद में उससे शादी कर ली. बेटी को भगा ले जाने के बाद से ही पर्वत सिंह और चरण सिंह में विवाद चलता रहता था. शादी के चार साल बाद भी ससुर पर्वत सिंह जब भी दामाद चरण सिंह को देखता विवाद करने लगता था. आए दिन के विवाद से परेशान होकर दामाद चरण सिंह ने योजना बनाकर ससुर को पहले शराब पीने के लिए राजी किया. इसके बाद एक दुपट्टे से दामाद ने ससुर पर्वत सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी चरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार 15 जनवरी की देर रात हत्या के बाद दामाद चरण सिंह ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था. घटना का खुलासा होने के बाद वह रिश्तेदार के यहां चला गया था. पूछताछ में उसने अपने विवाद की बात भी नहीं बताई थी, जबकि पड़ोसियों ने चार साल में दो दर्जन से अधिक बार विवाद और मारपीट की बात बताई थी. घटना स्थल पर भी आरोपी के मोबाइल की लोकेशन पाई गई. पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने कहा कि उसने हत्या करना कबूल की है.
योजना बनाकर की थी हत्या
ससुर द्वारा आए दिन लोगों के सामने गाली-गलौज करने की घटना से आरोपी तंग आ चुका था. आरोपी ने हत्या करने की योजना करीब एक माह पहले बना ली थी. योजना बनाने के बाद वह ससुर से रिश्ते सुधारने की कोशिश की, ताकि मृतक उसके साथ एकांत में चलने को तैयार हो जाए. करीब एक हफ्ते पहले आरोपी ने ससुर को शराब पीने के लिए बुलाया, लेकिन पर्वत ने मना कर दिया था. घटना की शाम को पर्वत सिंह दामाद के साथ शराब पीने के लिए तैयार हो गया. इसके बाद उसने हत्याकांड को अंजाम दिया.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें