मध्यप्रदेश कांग्रेस की समीक्षा बैठक, वरिष्ठों के साथ मैदान में दिखेगी कांग्रेसमध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि भाजपा द्वारा फैलाई जाने वाली अफवाहों में न आएं, वे चुनावी तैयारी में जोर-शोर से जुट जाएं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश में संगठित होकर चुनाव लड़ेगी.
बावरिया आज राजधानी में समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज की बैठक में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, वर्तमान और पूर्व विधायक, ब्लाक संभाग के अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हुए. बावरिया इस बैठक में विलंब से पहुंचे तो कुछ विधायक और पदाधिकारी नाराज भी हुए, मगर यह नाराजगी झण भर की रही. बैठक में संगठन और चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई. बैठक में बावरिया के अलावा एआईसीसी के केन्द्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष पवन बंसल भी शामिल हुए. उन्होंने सदस्या की समीक्षा की. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस द्वारा 1 लाख 8 हजार सुपात्र सदस्य और 30 लाख सामान्य सदस्य बनाने का दावा किया गया. बैठक में अरुण यादव ने अपनी पिछली दिल्ली यात्रा की जानकारी भी दी. उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से हुई मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जो भ्रांति फैली है, वह भाजपा द्वारा फैलाई गई अफवाह है. कार्यकर्ता, पदाधिकारी भाजपा की इस तरह की अफवाहों में न आए, बल्कि संगठित होकर चुनावी तैयारी में जुटे. बैठक में दीपक बावरिया ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी में जुट जाए. उन्होंने कहा कि पार्टी सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी.
चेहरे को लेकर फिर उठे सवाल
कांग्रेस की समीक्षा बैठक में आज फिर चेहरा प्रोजेक्ट करने का मुद्दा उठा. यह मुद्दा विधायकों की ओर से उठाया गया. सूत्रों के अनुसार विधायक आरिफ अकील, तरुण भानोत, इमरती देवी आदि ने बैठक में चेहरा प्रोजेक्ट करने की बात कही. विधायकों ने कहा कि अगर हाईकमान ऐसा करता है तो चुनाव में पार्टी को फायदा होगा. इस पर बावरिया तो मौन रहे, मगर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि चेहरा प्रोजेक्ट करना कांग्रेस की परंपरा नहीं रही है.उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव होगा. पार्टी की जीत के बाद ही मुख्यमंत्री के नाम पर विचार किया जाएगा. वहीं दीपक बावरिया ने इस मामले में मीडिया से चर्चा करने से साफ मना कर दिया. उन्होंने कहा कि यह मामला मीडिया से दूर रहे तो अच्छा है.
जीतने वाले को ही मिलेगा टिकट
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजयसिंंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है. सिंह ने कहा कि टिकट किसे मिलेगा, किसका कटेगा इसका फैसला हाईकमान करेगा. उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि अगर संगठन द्वारा पदाधिकारियों को टिकट न दिए जाने की रणनीति बनाई गई है तो पदाधिकारी इस्तीफा दे दें और चुनावी मैदान में मेहनत करें. उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी टिकट उसे ही देगी, जो जीत का प्रबल दावेदार होगा, फिर चाहे वह पदाधिकारी ही क्यों न हो?
टिकट के लिए दिल्ली के चक्कर नहीं काटेंगे दावेदार
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि कांग्रेस में टिकट के दावेदार दिल्ली के चक्कर नहीं काटेंगे. भोपाल में तय किया जाएगा कि किसे टिकट मिले और किसे नहीं. टिकट उसे ही मिलेगा, जिसके जीत की प्रबल उम्मीद होगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने तय किया है कि आगामी दिनों में संगठन की दो हजार बैठकें की जाएंगी और कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक को चुनाव की तैयारी में झोंका जाएगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें