कमलनाथ ने कहा कांग्रेस सरकार में नहीं होगा अन्याय
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिलाओं के साथ अन्याय ही नहीं, अपमान भी हुआ है। मैं आपको रसोईया कहना नहीं चाहता। आप भोजन बनाती हैं और बच्चों की देखभाल
करती हैं, इस तरह आप समाज सेवक हैं और प्रदेश के भविष्य का निर्माण करती हैं।
भोपाल के भेल दशहरा मैदान में महिला स्व सहायता समूह के सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी पहुंचे थे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि आपने कहा कि मानदेय उचित नहीं मिलता, सिलेंडर नहीं मिलता और अन्य समस्याएं हैं। मैं हर चीज के विस्तार में नहीं जाता, लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि कांग्रेस सरकार बनने पर आपके साथ हो रहे अन्याय को समाप्त कर दिया जाएगा और आपके साथ न्याय किया जाएगा। मुझे यह जानकर आश्चर्य होता है कि आप इतने वर्ष से यह अपमान और अन्याय किस तरह से सह रहे हैं। उन्होंने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ से अधिक नौजवान बेरोजगार हैं। मुख्यमंत्री रोजगार और नौकरी देने का वादा करते हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि जो संविदा कर्मी और अतिथि शिक्षक पहले से काम कर रहे हैं आप उन्हीं को रोजगार दे दो, वही बड़ी बात होगी।
पैसा दो, काम लो का सिद्धांत चल रहा प्रदेश में
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। पैसा दो, काम लो का सिद्धांत प्रदेश में चल रहा है। शिवराज सरकार ने प्रदेश के ऊपर करोड़ो रुपए का क़र्ज़ चढ़ा दिया है। इस कर्ज का इस्तेमाल बेरोजगारों को नौकरी देने में या महिलाओं का मानदेय बढ़ाने में नहीं किया जा रहा है, बल्कि ठेका और कमीशन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 4 महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, आप सब लोग सत्य का साथ दीजिए और कांग्रेस को विजयी बनाइए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें