प्रधानमंत्री ने शहडोल में राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन का शुभारंभ
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज फिर विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि झूठी गारंटी देने वालों से सावधान रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटी मतलब नीयत में खोट, गरीबों को चोट। जो विपक्षी एक-साथ आ रहे हैं, वे पहले एक दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे। परिवारवादी पार्टियों की कोई गारंटी नहीं है। जिनकी अपनी कोई गारंटी नहीं, वो गारंटी वाली नई-नई स्कीम ला रहे हैं। उनकी गारंटी में छिपे खोट को पहचानिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ष्शहडोल जिले के लालपुरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने यहां से राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन का शुभारंभ किया। साथ ही रानी दुर्गावती गौरव दिवस समारोह का समापन किया। साथ ही पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश में लगभग 3.57 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) कार्डों के वितरण का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों की कोई गारंटी नहीं है। झूठी गारंटी के नाम पर छिपे धोखे को पहचान लीजिए। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के प्रति बेरुखी के चलते पहले की सरकारों के लिए यह सिकल सेल एनीमिया बीमारी मुद्दा नहीं थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारी बहुत कष्टदायी होती है। इसके मरीजों के जोड़ों में हमेशा दर्द रहता है। शरीर में सूजन, थकावट रहती है। पीठ, पैर और सीने में असहनीय दर्द महसूस होता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य है कि 70 साल में कभी इसकी चिंता नहीं हुई। इससे निपटने के लिए कोई ठोस प्लान नहीं बनाया गया। प्रभावित लोग आदिवासी समाज के थे, उनके प्रति बेरुखी के चलते पहले की सरकारों के लिए यह कोई मुद्दा नहीं था। इस चुनौती को हल करने का बीड़ा भाजपा की सरकार ने उठाया है। हमारे लिए आदिवासी समाज सिर्फ एक सरकारी आंकड़ा नहीं है। यह संवेदनशील विषय है।
मोदी की गारंटी दिखा देना, मिलेगा इलाज
प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में एक करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड दिए गए हैं। अगर किसी गरीब को कभी अस्पताल जाना पड़ा तो यह कार्ड उसकी जेब में 5 लाख रुपए के एटीएम कार्ड का काम करेगा। आप याद रखियेगा, आपको जो कार्ड मिला है, अस्पताल में उसकी कीमत 5 लाख रुपए के बराबर है। कार्ड होगा तो कोई आपसे पैसे नहीं मांगेगा, इलाज से मना नहीं करेगा। आपको देश के किसी भी जगह दिक्कत आई तो मोदी की गारंटी दिखा देना, आपको इलाज मिलेगा। आयुष्मान कार्ड गरीब के इलाज के लिए 5 लाख रूपए की गारंटी है और यह मोदी की गारंटी है।
लखपति दीदीयों से की चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने लखपति दीदीयों से चर्चा की। इस दौरान दीदी फूलवती से बात करते हुए कहा कि आप इतने पदों पर हैं, मैं तो केवल प्रधानमंत्री का पद ही संभाल सकता हूं। फूलवती ने पीएम मोदी से कहा मैं किराना दुकान चला रही हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा कि कौन सी चीज का उत्पादन बाजार में ठीक तरीके से जाता है। फूलवती ने कहा 9 सब्जी का, इस पर पीएम मोदी ने कहा कि शहद के उत्पादन के बारे में भी सोचें। विजेता स्व.सहायता समूह की अध्यक्ष गुड्डू सिंह ने कहा- मेरी पहचान समूह के माध्यम से हुई है। वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हूं। चार से साढ़े चार लाख सालाना कमाते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें