अब 18 तक करनी होगी कार्यकर्ता, नाराज नेताओं के साथ बैठकें
भोपाल। भाजपा में नाराज कार्यकर्ता और नेताओं की नाराजगी को दूर करने के लिए संगठन पदाधिकारियों के साथ विधायकों और मंत्रियों को निर्देश दिए गए थे कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टिफिन बैठकें करें, मगर मगर विधायकों और मंत्रियों की इसमें रूचि नजर नहीं आई। इसके चलते अब संगठन ने सभी को 18 जुलाई तक इस तरह की बैठकें कर रूठे कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को मनाने को कहा है।भाजपा संगठन लगातार नाराज कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेताओं को लेकर चिंतित है। इन्हें मनाने के लिए पार्टी के राश्टीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के निर्देश पर संगठन ने टिफिन बैठकें आयोजित करने को कहा था। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर कुछ स्थानों पर तो इस तरह की बैठकें हुई, मगर इन बैठकों में पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के अलावा संगठन के भी वरिष्ठ नेताओं की रूचि नजर नहीं आई। यहां तक की सांंसदों ने भी इसमें रूचि नहीं दिखाई। इन बैठकों की जानकारी जब संगठन को मिली तो भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने सभी विधायकों और सांसदों के साथ वर्चुअल बैठक कर टिफिन बैठकों के लिए 18 जुलाई की डेडलाइन तय की है। इनसे कहा गया है कि सभी इस तिथि तक टिफिन बैठकें करके अपनी रिपोर्ट संगठन को देंगे।
जून माह में हो जानी थी बैठकें
गौरतलब है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि नाराज लोगों को साथ बिठाकर उनके साथ भोजन करने के गिले-शिकवे काफी हद तक कम हो जाते हैं। इसके बाद लगातार संवाद के जरिये असंतुष्ट और नाराज लोगों को मनाया जा सकता है। जिसकी भी नाराजगी होती है, वह एक दो बैठकों में सामने आने के बाद सामान्य हो जाती है। इसी तारतम्य में मई और जून माह माह में ये बैठकें की जानी थी, मगर संगठनात्मक जिलों में इस तरह की बैठकें नहीं हो सकी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें