गुरुवार, 6 जुलाई 2023

पीड़ित आदिवासी के पैर धोकर शिवराज ने किया सम्मान

प्रायश्चित करते हुए मुख्मयंत्री ने कहा अब तुम मेरे दोस्त हो

भोपाल। सीधी जिले के पीड़ित आदिवासी के साथ घटित घटना को लेकर मु
ख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित के पैर धोकर प्रायश्चित किया। मुख्यमंत्री निवास पर आज गुरूवार की सुबह पीड़ित आदिवासी को बुलाया था। यहां पर मुख्यमंत्री ने पीड़ित से बातचीत की और उसका साल उड़ाकर सम्मान भी किया। 

भाजपा कार्यकर्ता द्वारा सीधी जिले में की गई घृणित घटना का आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रायश्चित किया। मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे पीड़ित के साथ मुख्यमंत्री ने चर्चा भी की। मुख्यमंत्री ने पीड़ित से पूछा कि बच्चे पढ़ रहे हैं? छात्रवृत्ति मिलती है? कोई परेशानी हो तो मुझे बताना है। बेटी लाडली लक्ष्मी है। पत्नी को लाडली बहना का लाभ मिल रहा है? आवास योजना का लाभ मिल रहा है? मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी को पढ़ाना है। बेटियां आगे बढ़ रही हैं। पीड़ित आदिवासी ने मुख्यमंत्री  को बताया कि वह पल्लेदारी का काम करता है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित से कहा कि मुझे बहुत दुख हुआ। मैं माफी चाहता हूं। मेरे लिए जनता ही भगवान समान है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित आदिवासी को सुदामा कहते हुए कहा कि तुम अब मेरे दोस्त हो। 

तिलक और शाल श्रीफल से स्वागत


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास में पीड़ित व्यक्ति का न केवल विशेष मेहमान के रूप में स्वागत किया, बल्कि उसका तिलक किया। उसके चरणों को धोये और शॉल श्रीफल से स्वागत किया। उसे पीतल की गणेशजी की प्रतिमा भी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने पीड़ित आदिवासी के साथ नाश्ता भी किया। 

क्या है मामला

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक के साथ एक घृणित वारदात का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में सीधी पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान प्रवेश शुक्ला के तौर पर हुई है, जो भाजपा से जुड़ा बताया जाता है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 एवं 504 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद प्रशासन ने युवक के घर पर बुल्डोजर चलाकर गिरा दिया। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें