कार्य की दक्षता के लिए जरूरी है कि विद्यार्थी 8वीं के बाद 2 वर्ष आईटीआई, 2 वर्ष पालीटेक्निक और फिर 4 वर्ष इंजीनियरिंग करें. इस तरह का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा गया है. तकनीकी शिक्षा , स्कूल शिक्षा एवं श्रम राज्य मंत्री दीपक जोशी ने यह बात सरदार बल्लभ भाई पटेल पालीटेक्निक कालेज भोपाल के कन्या छात्रावास के लोकार्पण समारोह में कही.जोशी ने कहा कि बसंत पंचमी के पावन पर्व पर शुरू हो रहे छात्रावास में दूरस्थ अंचल से आने वाली छात्राओं को रहने के लिए स्थान उपलब्ध हो सकेगा. उन्होंने कहा कि इसे प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ छात्रावास बनाएं. जोशी ने नेशनल गेम्स आफ डीफ में रजत पदक जीतने वाली दिव्यांग गौरांशी शर्मा को 15 हजार रुपए देने की घोषणा की. उन्होंने कु. शर्मा को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया. स्वामी अम्बरीश चेतन्य सेवा समिति के मयंक शर्मा ने कहा कि वे आज ही बैडमिंटन किट भेंट करेंगे. जोशी ने कहा कि कु. गौरांशी को हम ओलम्पिक में मेडल जीतते हुए देखना चाहते हैं. इसके लिए हर जरूरी सहायता उपलब्ध करवायी जायेगी. संचालक तकनीकी शिक्षा डा. वीरेन्द्र कुमार ने भी विचार व्यक्त किए. प्राचार्य डा. आशीष डोंगरे ने बताया कि 50 शैय्या का छात्रावास बनाया गया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें