राजधानी सहित पूरे प्रदेश में आज सोमवार को पूजा-पाठ कर नये साल का स्वागत किया. सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ नजर आई. राजधानी के अलावा प्रदेश के उज्जैन सहित अन्य स्थानों पर भी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूूजा-अर्चना कर नये साल का स्वागत किया. राजधानी भोपाल में रविवार की देर रात तक जश्न मनाने के बाद आज सुबह से ही मंदिरों में लोगों की भीड़ नजर आई. लोगों ने मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को नये साल की बधाई देते हुए दिन की शुरुआत की. राजधानी में बिड़ला मंदिर, लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के अलावा सोमवारा स्थित भवानी मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ नजर आई. राजधानी के अलावा इंदौर के खजराना मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर, मंदसौर के पशुपतिनाथ के मंदिर, ओरछा के राम राजा मंदिर, खजुराहो के मतंगेश्वर मंदिर, मैहर की शारदा देवी के मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्घालु पहुंचे और देश व समाज में शांति और समृद्घि की कामना की.
वहीं नए साल के स्वागत के लिए प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. यहां बारह ज्योतिलिंर्गों में से एक महाकाल मंदिर में साल 2018 के पहले दिन की शुरूवात लोगों ने भक्ति भाव में लीन होकर की. उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महांकाल मंदिर में नव वर्ष के पहले दिन हजारों की संख्या में भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर अपने नये साल की शुरूवात की और भूत भावन बाबा से नए साल में सफलता और सुख शांति की प्रार्थना की. यहां महाकाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा की भस्म आरती में सुबह 3 बजे शामिल हुए और दर्शन लाभ लिए. नव वर्ष पर आज बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन कर साल भर के लिए आशीर्वाद मांगा. इस मौके पर श्रद्धालुओं को नए साल का जश्न मनाने का मौका भी मिल गया.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें