शुक्रवार, 19 जनवरी 2018

न्यायालय के फैसले पर महाधिवक्ता कर रहे अध्ययन

शिवराज सिंह चौहान 
पद्मावत के प्रदर्शन को लेकर बोले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के अध्ययन के बाद फिल्म पद्मावत के प्रदर्शन पर कोई फैसला लिया जाएगा.  चौहान ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य के महाधिवक्ता को फैसले का अध्ययन करने को कहा गया है. उसके बाद अगर न्यायालय में कोई बात रखनी होगी तो रखी जाएगी. मध्यप्रदेश समेत गुजरात, राजस्थान और हरियाणा की सरकार ने इस फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाई हुई थी, इसी रोक को चुनौती देते हुए फिल्म के निर्माता उच्चतम न्यायालय की शरण में चले गए थे, जिस पर कल गुरुवार को सुनवाई करते हुए न्यायालय ने अपने फैसले में फिल्म को पूरे देश में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद सरकारों के इस फैसले के पुनरीक्षण याचिका लगाने की अटकलों को भी जोर मिला था. गुरुवार को न्यायालय का फैसला आने के बाद करणी सेना ने फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध जारी रखने की चेतावनी दी थी. 'पद्मावती' फिल्म पर मचे बवाल के बाद मुख्यमंत्री  ने इस पर प्रतिबंध लगाए जाने की घोषणा की थी. फिल्म का नाम बदल कर 'पद्मावत' किए जाने के बाद भी फिल्म पर से प्रदेश में प्रतिबंध नहीं हटाया गया था. प्रदेश के रतलाम जिले में पिछले दिनों एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में फिल्म का घूमर गाना बजाए जाने पर करणी सेना के कार्यकतार्ओं ने स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की थी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें