गुरुवार, 4 जनवरी 2018

शंकराचार्य की पादुका सिर पर रखने को लेकर गर्म हुई सियासत

सरकार ने बताया अच्छा कदम, नेता प्रतिपक्ष ने जताई आपत्ति
मध्यप्रदेश में सरकार द्वारा निकाली जा रही एकात्म यात्रा के दौरान मंडला जिला कलेक्टर द्वारा शंकराचार्य की पदुका को अपने सिर पर रखने के मामले में सियासत गर्मा गई है. राज्य सरकार के प्रवक्ता डा. नरोत्तम मिश्रा ने जहां इसे अच्छा कदम बताया है, वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने इसे सिविल सेवा आचरण संहिता का उल्लंघन माना है.
प्रदेश में इन दिनों एकात्म यात्रा निकाली जा रही है. यात्रा  में आदि शंकराचर्य की प्रतिमा के लिए धातु संग्रह का काम किया जा रहा है इसके अलावा लोगों में जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है. इसे एकात्म यात्रा का नाम दिया गया है. यह यात्रा जब राज्य के मंडला जिले में पहुंची तो यात्रा चर्चा में आ गई. दरअसल यात्रा मंगलवार को मंडला पहुंची थी, यहां पर  मुस्लिम समुदाय से आने वालीं कलेक्टर सूफिया फारुकी ने इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर शिरकत कीं. इस मौके पर सूफिया फारुकी ने हिन्दू रीति-रिवाजों से एकात्म यात्रा का स्वागत किया, इस दौरान साड़ी में नजर आ रहीं थी. कलेक्टर ने शंकराचार्य की चरणपादुका को सिर पर रख कर यात्रा की और चरण पादुकाओं का पूजन भी किया. शंकराचार्य की चरण पादुका का पूजन कार्यक्रम मंडला जिले के चाबी गांव में संपन्न हुआ. इस दौरान वहां स्थानीय विधायक समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. मंडला की कलेक्टर सूफिया फारुकी ने अपने कदम से समाज में अच्छा संदेश दिया है. 
डा. नरोत्तम मिश्रा 
मंडला कलेक्टर के इस कार्य को लोगों ने सराहा, मगर इस पर राजनीति गर्मा गई. प्रदेश सरकार की ओर से सरकार के प्रवक्ता डा. नरोत्तम मिश्रा ने कलेक्टर के इस कदम को अच्छा बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने समाज के सामने एक अच्छी नजीर पेश की है. उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन से अगर जनता के बीच अच्छा संदेश जाता है, उसके लिए अधिकारी या कोई भी ऐसा कदम उठाता है, तो मैं समझता हूं कि इससे लोगों को अच्छी प्रेरणा मिलती है, साथ ही सदभावना बनी रहती है. वहीं इस मामले में कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि कलेक्टर को अपनी धार्मिक आस्थाओं की अभिव्यक्ति की आजादी है, वो उसका काम करें. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि कलेक्टर का जो काम है, उसे छोड़कर मंडला कलेक्टर भाजपा के पक्ष में काम करे यह ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए कि कलेक्टर की फोटो भाजपा के आफिसियल ट्वीटर हेंडिल से जारी की गई है. भाजपा नेता कलेक्टर का पक्ष ले रहे हैं.


अजय सिंह
नेता प्रतिपक्ष ने कहा सिविल सेवा आचरण नियम का उल्लंघन
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मंडला कलेक्टर द्वारा सत्तारूढ़ पार्टी के प्रति नजदीकी दिखाने के लिए सिर पर चरण पादुका रखने को सिविल सेवा आचरण नियम का खुला उल्लंघन बताया है. उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखेंगे कि क्या वे अपने तंत्र को इसकी छूट देते हैं. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धर्म का राजनीति और तंत्र में इस्तेमाल गलत हैं. उन्होंने कहा कि  शंकराचार्य के नाम का इस्तेमाल कर सरकार जनता की गाढ़ी कमाई से एकत्रिंत धन को अपनी राजनीतिक यात्रा पर खर्च कर रही है. उन्होंने कहा इस यात्रा में सरकारी अधिकारी वह भी कलेक्टर स्तर के अधिकारी ठकुर सुहाती के लिए इस तरह के कृत्य करेंगे तो इसका गलत प्रभाव तंत्र पर पड़ेगा. ऐसे में आचरण नियमों का पालन करते हुए जो अधिकारी काम कर रहे हैं उनके लिए मुश्किल खड़ी होगी. नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य सचिव से कलेक्टर मंडला के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें