गुरुवार, 4 जनवरी 2018

विदेशी नश्ल के कुत्ते बेचने के नाम पर महिला से धोखाधड़ी

देश की दो नामी आनलाइन कंपनियों क्यूकर और इंडियामार्ट द्वारा विदेशी नश्ल के कुत्ते बेचने के नाम पर महिला से धोखाधड़ी करने मामला सामने आया है. राजधानी भोपाल की महिला से इन कंपनियों द्वारा 50 हजार रुपए की ठगी की गई.
साइबर पुलिस के अनुसार राजधानी की एक महिला ने इस आशय की शिकायत की थी. महिला ने शिकायत कर बताया था कि इंडिया मार्ट नामक वेबसाइट से विदेशी नश्ल के कुत्ते खरीदने के लिए एक विज्ञापन के माध्यम से धोखाधड़ी की गई. उनसे इसके माध्यम से 50 हजार रुपए की ठगी की गई. महिला को विदेशी नश्ल का कुत्ता क्रय करना था. महिला ने इंडिया मार्ट डाट काम में विदेशी नश्ल साइबेरियन हस्की ब्रीड का विज्ञापन देखा. महिला ने अपने आपकों खरीदार के रुप में रजिस्टर्ड कराया. वेबसाइट ने महिला को डीलर के माध्यम से विदेशी नश्ल के कुत्ते की सूची भेजी. महिला ने मेल द्वारा मिली सूची में से एक डीलस से संपर्क किया. फोन करने पर उस व्यक्ति ने बताया कि वह पोर्ट ब्लेयर से बात कर रहा है और महिला से कहा कि उन्हें पपी की बुकिंग के लिए 50 हजार रुपए जमा करवा दे, लेकिन राशि प्राप्त किए जाने के बाद उक्त व्यक्ति द्वारा महिला से कोई संपर्क नहीं किया गया और न ही महिला को पपी भेजा गया. 
साइबर पुलिस का कहना है कि राजधानी सहित प्रदेश में नामी आनलाइन वेबसाइटों के माध्यम से इस तरह की ठगी की शिकायतें लगातार मिल रही है. पुलिस के अनुसार इन दो कंपनियों के अलावा ई-कामर्स, ओएलएक्स, फ्लिकर डाट काम आनलाइन वेबसाइटों के जरिए भी ठगी की जा रही है. लोगों से वेबसाइटों के जरिए आकर्षित वस्तु का मूल्य कम दिखाकर खरीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है. लोग इनके झांसे में आकर लाखों की ठगी के शिकार हो रहे हैं.
कैमरे के लिए जमा कराए 1 लाख 70 हजार
साइबर पुलिस के अनुसार भोपाल के ही डा. किशोर कुमार सोनी ने शिकायत कर बताया कि क्यूकर डाट काम वेबसाइट पर उन्होंने एक कैमरे का विज्ञापन देखा. कैमरा खरीदने के लिए कंपनी द्वारा दिए मोबाइल नंबर पर चर्चा की. इस दौरान उनसे वाट्सएप नंबर पर चर्चा करने का कहा गया. बातचीत के बाद उनसे व्यक्ति द्वारा एक खाता नंबर दिया गया, जिसमें 1 लाख 70 हजार रुपए उनसे जमा करने को कहा. सोनी ने उस खाते में राशि जमा करा दी, मगर उन्हें कैमरा नहीं मिला.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें