बुधवार, 3 जनवरी 2018

वर्षों से फरार धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र में भूखंड की धोखाधड़ी के दो प्रकरणों में बीते दो वर्षों से फरारी काट रहे एक आरोपी को क्राइम ब्रांच पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए उस पर ईनाम भी घोषित किया गया था.  इंदौर क्राइम ब्रांच एएसपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि पकड़ाए गए आरोपी की पहचान इस्लाम पटेल उर्फ पिता ईशाक पटेल उम्र 52 वर्ष निवासी विजय नगर, के रूप में हुई है.
 सिंह का कहना है कि आरोपी इस्लाम पटेल पर थाना खजराना में धारा 420, 467, 468, 12बी आईपीसी के दो प्रकरण दर्ज हैं. पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया कि उसने अपने साथी अर्जुन साल्वे और राजेश शर्मा के साथ मिलकर 249, 250 श्रीवैभव लक्ष्मी नगर में 1500 वर्गफिट के दो प्लाट पर फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा कर लिया था. आरोपियों ने शिवेन्द्र रघुवंशी नामक व्यक्ति को यह प्लाट फर्जीवाड़ा करके बेचा था.  सिंह का कहना है कि शिवेन्द्र ने फजीर्वाड़े का पता लगने के बाद कोर्ट में प्रकरण दर्ज करवाया था. कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ चार सौ बीसी का प्रकरण दर्ज हुआ था. मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे. पूर्व में दो अन्य आरोपी राजेश और अर्जुन को गिरफ्तार किया जा चुका था. आरोपी से पूछताछ जारी है. पूछताछ में अन्य कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें