मध्यप्रदेश की महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सामाजिक चेतना और जागरूकता के लिये राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी से 8 मार्च अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस तक प्रदेश के सभी 1061 पुलिस थाना स्तर पर 'सम्मान सुरक्षा स्वरक्षा संवाद अभियान' संचालित किया जाएगा. जन-संवाद कार्यक्रम में पुलिस, होमगार्ड तथा महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से महिलाओं, किशोरों तथा बच्चों की सुरक्षा और उनके कल्याण से संबंधित कानूनों की जानकारी देगें. सभी जिलों में महिला सुरक्षा और जागरूकता ध्वज भी भेजा जाएगा. चिटनिस इन विभागों के मास्टर ट्रेनर्स की पीटीआरआई भोपाल में आयोजित एक दिवसीय संयुक्त कार्यशाला को संबोधित कर रही थी. होमगार्ड के महानिदेशक महानभारत सागर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महिला अपराध अरूणा मोहन राव, महिला सशक्तिकरण आयुक्त जयश्री कियावत, एकीकृत बाल विकास परियोजना के आयुक्त संदीप यादव कार्यशाला में उपस्थित थे.सम्मान सुरक्षा स्वरक्षा अभियान के अन्तर्गत 24 जनवरी को प्रदेश के सभी थाना परिसरों में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों पर बातचीत होगी. साथ ही पाक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम-2015, घरेलू हिंसा अधिनियम-2005 के प्रावधानों पर जानकारी दी जाएगी. जन-जागरूकता अभियान के तहत पुलिस विभाग द्वारा महिला सुरक्षा पर विकसित फिल्म और बाल यौन शोषण पर केन्द्रीत फिल्म 'कोमल' का प्रदर्शन भी किया जाएगा. विषय विशेषज्ञ साइबर क्राइम और साइबर सुरक्षा की जानकारी देंगे. जन-संवाद कार्यक्रम में शौर्या दल के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्थानीय पुरुष-महिलाएं सम्मिलित होंगे. अभियान के तहत 3,14 व 24 फरवरी को थाना क्षेत्र की सर्वाधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें