सोमवार, 22 जनवरी 2018

चोर को पकड़ने गई पुलिस से चली गोली, एक घायल

 खरगोन पुलिस को बिना सूचना दिए पहुंची सीहोर पुलिस
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद कस्बे में गेहूं चोरी के मामले में आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस से भगदड़ मचने के दौरान गोली चल जाने पर एक नागरिक गंभीर घायल हो गया. घटनाक्रम के चलते आक्रोशित नागरिकों ने पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई की. खरगोन के पुलिस अधीक्षक डी. कल्याण चक्रवर्ती ने बताया की सीहोर के नसरुल्लागंज थाना क्षेत्र की पुलिस गेहूं ट्रक चोरी के सिलसिले में कसरावद आई थी. फरियादी की निशानदेही पर नए बस स्टैंड क्षेत्र में दो लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश में एक व्यक्ति गिरफ्त में आया किंतु दूसरा भाग निकला.  उसके पीछे भागने के दौरान वहां जुआ खेल रहे लोग भी उठ कर भागने लगे. वहां एकत्रित भीड़ ने समझा कि पुलिस उनके व्यक्ति को नाहक पकड़ रही है और उन्होंने पुलिस को घेर लिया. इसी दौरान आरोपी के पीछे भाग रही पुलिस ने हवाई फायर किया और एक जुआ खेलने वाला व्यक्ति 18 वर्षीय शिवा बीच में आ गया. चारों तरफ से घिरे पुलिस बल के सदस्य सहायक उप निरीक्षक द्वारा गिरने के दौरान हड़बड़ाहट में गोली चल गई जिससे शिवा घायल हो गया. किसी फिल की तर्ज पर हुए घटना क्रम के दौरान इकट्ठी हुई भीड़ ने फरियादी तथा तीनों पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई की. पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती ने बताया कि कसरावद के नगर निरीक्षक संजय दिवेदी बल के साथ घटनास्थल पर नहीं पहुंचते तो भीड़ तीनों पुलिसकर्मियों समेत चारों लोगों को जलाकर मार डालती. भीड़ ने पुलिस वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की. घटना के चलते गोली चालन से घायल हुए शिवा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी गोली निकाल दी गई है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.  चक्रवर्ती ने बताया कि पुलिस कर्मियों का भी इलाज कराया गया है, उनकी पिटाई कर वाहन में तोड़फोड़ करने वालों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जा रहा है. हालांकि पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती ने स्वीकार किया  कि नसरुल्लागंज पुलिस ने स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी थी और सहायक उपनिरीक्षक को पिस्तौल का उपयोग नहीं करना चाहिये था.  बड़ी लापरवाही भी सिहोर पुलिस की सामने आई है. कसरावद में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है और वहां स्थिति  सामान्य है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें