मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के प्रावधान के अनुसार प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का त्रैमासिक आयोजन करना अनिवार्य किया गया है. इस श्रृंखला में 26 जनवरी-2018 गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित करने के निर्देश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिला कलेक्टरों और जिला पंचायत के कार्यपालन अधिकारियों को जारी किए गए हैं. गणतंत्र दिवस पर होने वाली ग्राम सभा में पंच परमेश्वर योजना अन्तर्गत उपलब्ध राशि तथा प्रगतिरत कार्यो पर चर्चा होगी. इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणधीन आवासों की समीक्षा, ग्राम को खुले में शौच-मुक्त घोषित करने की रणनीति पर भी बातचीत होगी. प्रदेश के जो ग्राम खुले में शौच-मुक्त घोषित किए गए हैं, उनको कचरा-मुक्त-कीचड़-मुक्त ग्राम के रूप में विकसित किए जाने पर चर्चा की जाएगी. ग्राम सभा की बैठक में ग्राम पंचायत के अनिवार्य करों के करारोपण एवं वसूली की प्रगति पर भी बात होगी. विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन वितरण की समीक्षा और आंगनवाड़ी में पोषण-आहार वितरण पर भी ग्राम सभा की बैठक में चर्चा की जाएगी. ग्राम सभा में मद्यपान, तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले मादक पदार्थो के दुष्परिणाम पर चर्चा होगी और 'मद्य निषेध' हेतु वातावरण तैयार करने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी. विशेष ग्राम सभा में राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के सम्बन्ध में भी बात होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें