रविवार, 21 जनवरी 2018

मध्यप्रदेश में जल्द लागू होगी मुख्यमंत्री जनधन सुरक्षा योजना

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंदसौर जिले के दलौदा मण्डी प्रांगण में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन एवं भावांतर भुगतान समारोह में जिले के 35 हजार 757 किसानों को लेपटाप से एक क्लिक कर 35 करोड़ 22 लाख रुपए की भावांतर राशि का भुगतान उनके खातों में किया. अब तक मंदसौर जिले के 42 हजार 695 किसानों को कुल 39 करोड 65 लाख रुपए की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है. 
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जनधन सुरक्षा योजना जल्द ही लागू की जाएगी. इस योजना के माध्यम से लोगों को सुरक्षित निवेश के लिए प्रेरित किया जाएगा. साथ ही, चिटफंड कम्पनी के मालिकों को खोजकर उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी. चौहान ने कहा कि सरकार का यह प्रयास है कि किसानों के लिए दलौदा में फुडपार्क बने. उन्होंने कहा कि चंबल के पानी का उपयोग मंदसौर-नीमच जिले में सिंचाई के लिए किया जाएगा. चौहान ने कहा कि डिफाल्टर किसानों का ब्याज सरकार अदा करेगी और मूलधन किश्तों में किसान स्वयं भरेंगे जिससे उन्हें जीरो प्रतिशत ब्याज पर पुन: कर्जा मिलने लगेगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवा कृषक उद्यमी योजना भी बनाई है जिसमें किसानों के बेटे-बेटियों को 10 लाख से 2 करोड़ रुपए तक का ऋण कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए दिया जाएगा, जिसकी गारन्टी सरकार देगी.
मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री  ने कहा कि शिवना नदी के शुद्धिकरण का कार्य करवाया जाएगा. मंदसौर में शासकीय इन्जीनियरिंग कॉलेज खोलेंगे, दलौदा को नगर पंचायत बनाएंगे और दलौदा में शासकीय कॉलेज भी प्रारम्भ किया जाएगा. मारूखेडी महादेव मंदिर तक 6.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनवाई जाएगी. मंदसौर में अंडर ब्रिज निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी. जीरन में इसी जनवरी माह से कॉलेज शुरू होगा. कुकडेश्वर से फोफलिया तक सड़क बनवाई जाएगी. मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद से उपचार पाकर स्वस्थ हुई नन्ही बालिका जोया को मंच पर बुलवाकर खेलने के लिए गुड़िया भेंट की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें