रविवार, 21 जनवरी 2018

दंडवत यात्रा कर पहुंचे किसानों का जारी है आंदोलन

दंडवत यात्रा कर राजधानी पहुंचे किसानों को अनिश्चितकालीन धरना आज रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा. किसान दूध न देने वाली गायों को पशुपालकों द्वारा आवारा छोड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने सहित अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं. राजधानी भोपाल से सटे जिले रायसेन से भोपाल तक दंडवत यात्रा कर आए किसानों का राजधानी के दहशरा मैदान पर अनिश्चितकालीन धरना आज रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा. किसान रायसेन जिले के भौरा गांव से आए हैं.आंदोलन कर रहे किसानों का कहना है कि दूध न देने वाले गायों को आवारा छोड़ने वाले पशुपालकों पर एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए. इसके अलावा किसानों की अन्य मांगें भी हैं, जिसे लेकर वे धरना दे रहे हैं.  किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी मिलना चाहिए. आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को भी आरक्षण सुविधा दी जाये, ताकि मजदूर किसानों और छोटे व गरीब किसानों को इसका फायदा मिल सके. आंदोलन कर रहे किसानों का दावा है कि प्रदेश के सभी इलाकों से आये किसान इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भी आंदोलनकारी किसानों का समर्थन किया है. मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने ं आंदोलनकारी किसानों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को किसानों की 33 सूत्री मांगों पर संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने कहा, प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा किसानों से किये गये वादे खोखले निकले हैं. किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम भी हासिल नहीं हो पा रहा है. भाजपा सरकार केवल यात्राओं में ही सरकारी धन का दुरूपयोग कर रही है. आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजन आलोक अग्रवाल भी किसानों से मिल चुके हैं. उन्होंने भी किसानों की मांगों को जायज बताया है.  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें