सोमवार, 22 जनवरी 2018

पद्मावत को लेकर सड़कों पर उतरी करणी सेना

चक्काजाम कर जताया विरोध, कांग्रेस ने कहा भाजपा का मिल रहा सहयोग
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर में आज सोमवार को संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत को लेकर विरोध करते हुए करणी सेना के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे,  जगह-जगह चक्काजाम किया गया. इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा.
 राजधानी भोपाल में आज करणी सेना ने भोपाल-इंदौर मार्ग पर स्थित लालघाटी चौराहे पर चक्काजाम किया. वहीं विभिन्न राजपूत संगठनों ने राजधानी  के व्यस्ततम एमपी नगर में भी प्रदर्शन किया और जुलूस निकाला.  पद्मावत के विरोध में शिवसेना भी नजर आई. शिवसेना ने राजधानी के महाराणा प्रताप नगर क्षेत्र में एक होर्डिंग लगाया और विरोध दर्ज कराया. पोस्टर पर दीपिका पादुकोण को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है. वहीं इंदौर-उज्जैन और इंदौर-देवास मार्ग पर करणी सेना से जुड़े लोगों ने चक्काजाम करते हुए कई टायर जलाने की कोशिश की, हालांकि पुलिस की मुस्तैदी ने कोई अप्रिय स्थित नहीं होने दी.  राजस्थान से सटे रतलाम जिले में भी कई स्थानों पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग जाम करने की कोशिश की. देवास में करणी सेना के कार्यकतार्ओं ने विभिन्न टाकीज संचालकों और सीएसपी को ज्ञापन देते हुए फिल्म का प्रदर्शन नहीं करने का आग्रह किया. इसके अलावा उज्जैन में भी इंदौर जाने वाले मार्ग पर करणी सेना के कार्यकर्ता विरोध जताया और प्रदर्शन किया.   
कांग्रेस ने कहा करणी सेना को भाजपा का समर्थन
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कहा कि  मध्यप्रदेश में करणी सेना, जिस तरह से विरोध और हिंसा कर रही है, उसे परोक्ष रुप से भाजपा का समर्थन हासिल है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट फिल्म रीलीज के पक्ष में है लेकिन राज्य विरोध कर रहा है ये बात समझ नहीं आती. सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है.
नहीं बिगड़ने देंगे कानून व्यवस्था
पद्मावत फिल्म की रिलीज को लेकर भोपाल डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी ने कहा कि फिल्म के प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने नहीं देंगे. दरअसल, फिल्म पद्मावत को प्रदेश में रिलीज होने को लेकर राजधानी पुलिस अलर्ट हो गई है. डीआईजी चौधरी ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने नहीं दी जाएगी. डीआईजी ने साथ में यह भी कहा कि विरोध में फिल्म को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किए जाना चाहिए. अगर विरोध ज्यादा हुआ तो जरुरत पड़ने पर सुरक्षा के हर कदम उठाए जाएंगे

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें