सोमवार, 22 जनवरी 2018

संविलियन की घोषणा की तारीख नहीं बताई मुख्यमंत्री ने

ज्योतिरादित्य सिंधिया 
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अध्यापकों के संविलियन की घोषणा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने की है, मगर संविलियन कब किया जाएगा  इसकी तारीख उन्होंने नहीं बताई. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब शिवराज के कुशासन से तंग आ गई है, जनता बदलाव चाहती है. सिंधिया ने कहा कि विकास के दावे तो मुख्यमंत्री ने किया, मगर विकास कहां हुआ यह सबको पता है.सिंधिया आज मुंगावली जाने के पहले राजधानी में रुके थे. व्हीआईपी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने यह बात कही. सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में हाल के निकाय चुनाव में कांग्रेस ने बेहतर परफार्मेंस दिया है और जनता भाजपा के कुशासन से परेशान है. शिवराज सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते प्रदेश में हर वर्ग भाजपा और उनकी  सरकार से  नाराज है. उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के परिणामों एवं इसके पूर्व अटेर एवं चित्रकूट की कांग्रेस की जीत से स्पष्ट है कि 2018 में  आम चुनाव में भी भाजपा की हार होगी. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत का असर मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव पर भी पड़ेगा.
सिंधिया ने शिक्षकों के संविलियन पर कहा कि मैं एवं मेरी पार्टी शिक्षकों के साथ है. शिक्षकों का आंदोलन रंग लाया है. उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाया कि संविलियन किया है, लेकिन संविलियन की तारीख नहीं दी. ऐसी घोषणाएं तो मुख्यमंत्री  बहुत करते हैं. बिना समय सीमा के की गई इस घोषणा से काम नहीं बनेगा. शिक्षकों के इस आंदोलन का भाजपा  सरकार ने बहुत दमन किया. हमारी कुछ बहनों को तो अपने केश त्यागने पड़े उसके बाद भी अभी सिर्फ घोषणा है, आदेश कब होगा ये नही पता. सिंधिया ने कहा कि कोलारस एवं मुंगवाली में कांग्रेस के सभी लोग मिलकर सरकार से लड़ रहे हैं, लेकिन हम आश्वस्त हैं कि दोनों जगह जन आशीर्वाद पिछली बार की तरह कांग्रेस के साथ रहेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें